गरियाबंद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर का कोरोना से निधन, असम से चुनाव प्रचार कर लौटी थीं कांग्रेस नेत्री
छत्तीसगढ़ में कोरोना के रिकॉर्ड 7302 नए मरीज मिले, कोरोना से गरियाबंद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर का निधन, मृत्यू के बाद कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव
                                        गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में कोरोना की रफ्तार बेकाबू हो रही है। यहां एक दिन में रिकॉर्ड 7302 नए मरीज मिले हैं। वहीं कोरोना की वजह से गरियाबंद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर की मौत हो गई है। अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन उनकी कोशिश कामयाब नहीं हो पाई।

दरअसल ममता राठौर असम में चुनाव प्रचार के लिए गई थीं। एक हफ्ते पहले ही वे वहां से वापस आई थीं। तभी से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। उनका शुगर लेवल भी बढ़ा हुआ था। जिसके चलते उन्होंने ब्लड प्रेशर, शुगर की जांच करवाई थी। लेकिन तब उनका कोविड टेस्ट नहीं हुआ था। लेकिन तबीयत बिगड़ती जा रही थी। उन्हों मंगलवार को गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। तब कोरोना टेस्ट भी हुआ। ममता राठौर को बचाया नहीं जा सका। उनकी कोरोना रिपोर्ट आने से पहले ही उनकी जान चली गई। जिसके बाद वे कोरोना पॉजिटिव पाई गईं।ममता राठौर प्रखर वक्ता थीं, महिलाओं में उनकी अच्छी पकड़ थी। वे कांग्रेस की सक्रिय नेताओं में से एक थीं।
छत्तीसगढ़ में कोरोना केस बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना से 6 लोगों की मौत हो गई। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 7302 नए मरीज मिले हैं। यह एक दिन में मिले मरीजों में रिकॉर्ड संख्या है। प्रदेश में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 44,296 तक पहुंच गई है। वहीं हाल ही में गरियाबंद में 144 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। कांग्रेस नेत्री के निधन पर कांग्रेस में शोक की लहर है।




                            
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
        
                                    
                                
                                    
                                    
                                    
								
								
								
								
								
								
								
								
								