Chhattisgarh: बीजापुर और दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, एक की मौत

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सरपंच के पति की हत्या, बीजापुर में IED ब्लास्ट करके सुमो कार को उड़ाया, दो लोग घायल

Updated: Dec 01, 2020, 08:48 PM IST

Photo courtesy: Bhaskar
Photo courtesy: Bhaskar

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों बीजापुर और दंतेवाड़ा में मंगलवार को नक्सलियों के हमले में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बीजापुर में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया, जबकि  बासागुड़ा इलाके में उन्होंने एक सूमो गाड़ी को निशाना बनाया है।

इस घटना में सुमो वाहन के परखच्चे उड़ गए। यह ब्लास्ट बासागुड़ा-तर्रेम इलाके के राजपेटा के नजदीक हुआ। इस IED ब्लास्ट में गाड़ी में सवार दो लोग घायल हो गए हैं। मोहम्मद इकबाल और बलराम प्रधान को इलाज के लिए बासागुड़ा लाया गया।  बासागुड़ा में नक्सलियों के ब्लास्ट के बाद सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया है। इस ब्लास्ट की पुष्टि एसपी कमलोचन कश्यप ने की है।

वहीं दंतेवाड़ा के हांदावाडा में नक्सलियों ने सरपंच के पति की हत्या कर दी। दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने इस हत्या की पुष्टि की है। हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव में दहशत का माहौल है। बारसूर थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

आपको बात दें कि दो दिन पहले सुकमा में नक्सलियों ने सेना के जवानों को निशाना बनाया था। ताड़मेटला इलाके में IED ब्लास्ट में सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया था। जबकि 10 जवान घायल हो गए थे। सभी जवान कोबरा 206 बटालियन के थे। एक जवान शहीद हो गया। जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोबरा 206 के जवान नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन के तहत शनिवार को बुर्कापाल कैंप से सर्चिंग पर निकले थे। कैंप से करीब छह किलोमीटर पहले ताड़मेटला इलाके के पास नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED बम की चपेट में आ गए थे। आपको बता दें कि नक्सलियों ने 2 दिसंबर से बस्तर बंद की घोषणा की है। नक्सली PLGA सप्ताह का आयोजन कर रहे हैं।