शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1200 प्वाइंट्स नीचे, निवेशकों ने गंवाए 3 लाख करोड़ से ज़्यादा

बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी और रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली से सेंसेक्स 1000 अंकों से ज्यादा टूट गया जबकि निफ्टी 17,200 के नीचे फिसल गया

Updated: Apr 18, 2022, 05:52 AM IST

photo Courtesy: Mint
photo Courtesy: Mint

मुंबई। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। कई दिनों की बंदी के बाद भारतीय शेयर बाजार में सोमवार सुबह कारोबार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई। सेंसेक्‍स और निफ्टी दोनों ही भारी नुकसान के साथ खुले। माना जा रहा है कि ग्‍लोबल मार्केट के दबाव में निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। 

दिन की शुरूआत जहां 1000 अंकों की गिरावट के साथ हुईं वहीं घंटे दो घंटे बीतते बीतते शेयर बाजार 1200 अंक टूट गया। निफ्टी भी 17140 के नीचे आ गया है। बाजार में गिरावट से निवेशकों को शुरुआत में ही 3 लाख करोड़ का चूना लगा है। सेंसेक्‍स ने सुबह 1,000 अंकों के नुकसान के साथ 57,339 पर खुलकर कारोबार शुरू किया जबकि निफ्टी 293 अंकों की कमजोरी के साथ 17,183 पर खुला और ट्रेडिंग शुरू होते ही निवेशक भागने शुरू हो गए। सबसे ज्यादा गिरावट इंफोसिस के शेयरों में देखने को मिली है। अब तक इन शेयरों में साढ़े सात फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। इंफोसिस में गिरावट का असर पूरे आईटी सेक्टर पर पड़ा है। दो साल की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। टीसीएस, टेक महिंदा, विप्रो, एचसीएल जैसी लगभग सभी कंपनियों के शेयर में गिरावट दर्ज हुई है। निफ्टी पर आईटी इंडेक्स 3 फीसदी से ज्यादा टूट गया है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में दो दिवसीय हड़ताल पर ऑटो टैक्सी यूनियन, ईंधन की बढ़ती कीमतों का कर रहे विरोध

सोमवार के कारोबार में बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। एचडीएफसी बैंक के शेयर में तीन फीसदी और कोटक महिंद्रा में दो फीसदी से ज्यादा की गिरावट है। बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स में 1.8 फीसदी और 2 फीसदी कमजोरी देखने को मिल रही है। सिर्फ मेटल इंडेक्स ही हरे निशान में ट्रेंड कर रहा है। आटो और रियल्टी इंडेक्स करीब 1 फीसदी और 1.5 फीसदी कमजोर हुए हैं। एफएमसीजी और फार्मा के शेयर में भी लाल निशान में दिख रहे हैं।

फिलहाल सेंसेक्स में 2.14% की गिरावट है।  निफ्टी भी लगभग दो फीसदी गिरावट को छूनेवाला है। 57090.17 के स्तर पर ट्रेंड कर रहा है। जबकि निफ्टी 330 अंक टूटकर 17145 के स्तर पर है। शुरुआती कारोबार के टॉप लूजर्स में INFY, TECHM, HDFC, KOTAKBANK, HDFCBANK, WIPRO, TCS और HCLTECH शामिल हैं। हालांकि इस भगदड़ के बीच भी अडानी के ज्यादातर शेयर फायदे में दिख रहे हैं।