केंद्रीय कर्मचारियों को मिला दिवाली गिफ्ट, महंगाई भत्ता में 3 फीसदी का इजाफा

दिवाली से पहले सरकार की ओर से कर्मचारियों को खुशखबरी, DA में तीन फीसदी की बढ़ोतरी, जुलाई से मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता, 31 फीसदी हुई DA की दर

Updated: Oct 21, 2021, 03:21 PM IST

Photo Courtesy : Aajtak
Photo Courtesy : Aajtak

नई दिल्ली। दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है। केंद्र में दिवाली के तोहफे के रूप में कर्मचारियों का DA यानी महंगाई भत्ते को तीन फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया है। केंद्रीय कैबिनेट ने गुरुवार को इस फैसले पर मुहर लगा दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी है।

DA में बढ़ोतरी के फैसले को कैबिनेट से मुहर लगने के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का भत्ता बढ़कर 31 फीसदी हो जाएगा। इस बढ़त का सीधा फायदा देशभर के करीब 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन पाने वाले लोगों को मिलेगा। यह बढ़त 1 जुलाई 2021 से लागू होगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया है कि इसके लिए केंद्रीय खजाने पर हर साल करीब 9 हजार 488 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: आज फिर बढ़े पेट्रोल डीजल के दाम, भोपाल में 115 रुपए के पार बिक रहा है पेट्रोल

बता दें कि इसी साल जुलाई में कैबिनेट ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में 11 फीसदी की वृद्धि का फैसला किया था। इससे डीए की नई दर 17 प्रतिशत से बढ़कर 28 प्रतिशत हो गई थी। अब ताजा फैसले के बाद यह भत्ते की दर बढ़कर 31 फीसदी हो गई है। यानी बेसिक पे का 31 फीसदी रकम कर्मचारियों को महंगाई भत्ते के रूप में दिया जाएगा।