निवेशकों के 6 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स 1939 अंक, निफ्टी 587 अंक गिरकर बंद

Stock Market Update: शेयर बाजार में आज दिन भर बिकवाली का माहौल रहा, बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही एक हज़ार अंक नीचे आ गया था, इस गिरावट को सीरिया में अमेरिकी हमले से जोड़कर देखा जा रहा है

Updated: Feb 26, 2021 11:18 AM IST

सेंसेक्स के सभी 30 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए

कारोबार के अंत में सेंसेक्स आज करीब 1939 अंकों की गिरावट के साथ 49,10 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 587 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 14,510 पर बंद हुआ। बाजार में बिकवाली का इतना भारी दबाव रहा कि सेंसेक्स के सभी 30 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। 

ONGC और M&M में 6 फीसदी गिरावट रही। बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा कमजोरी है। बाजार की इस भारी गिरावट में निवेशकों के 6 लाख करोड़ एक दिन में ही डूब गए। 25 फरवरी को बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन यानी बाजार पूंजीकरण 2,06,18,471.67 करोड़ रुपये था, जबकि 26 फरवरी को यह घटकर 2,00,64,472.99 करोड़ रुपये रह गया।

शेयर बाज़ार में भारी बिकवाली, सेंसेक्स डेढ़ हज़ार अंक टूटा

आज सुबह से ही शेयर बाजार में भारी गिरावट है। फिलहाल सेंसेक्स में करीब 1500 अंकों की गिरावट है और यह आज 49,526 के स्तर तक आ चुका है। निफ्टी में 435 अंकों की गिरावट है और यह 14,660 के स्तर पर आ गया है। बाजार में भारी बिकवाली है। सेंसेक्स 30 के सिर्फ 4 शेयरों में तेजी है। एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में 5 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिल रही है। जानकारों का मानना है कि सीरिया पर अमेरिका के हवाई हमले के कारइ दुनियाभर के बाजारों में घबराहट है। 

भारी गिरावट के बाद थोड़ा संभला सेंसेक्स, अब 50 हज़ार के ऊपर

थोड़ी देर पहले तक एक हज़ार अंक गिरने के बाद सेंसेक्स अब कुछ संभला है। फिलहाल यह 50,216 के आसपास चल रहा है। हालांकि कल के बंद भाव के मुकाबले इसमें अब भी 800 अंकों से ज्यादा की गिरावट है।

बैंकों के शेयरों में भारी बिकवाली

एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में 3.5 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा कमजोरी है। ग्लोबल संकेतों की बात करें तो गुरूवार को डाउ जोंस 560 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं आज एशियाई बाजारों में बिकवाली है।

सेंसेक्स, निफ़्टी दोनों में भारी गिरावट

सेंसेक्स में सुबह करीब 1000 अंकों की गिरावट रही और यह 49,950 के स्तर तक आ गया। निफ्टी में भी 266 अंकों की गिरावट आई और यह 14,831 के स्तर पर आ गया। बाजार में भारी बिकवाली का माहौल है। सेंसेक्स के सिर्फ एयरटेल, मारुति, नेस्ले में तेजी है।

कारोबार शुरू होते ही बाज़ार में भारी गिरावट

देश के शेयर बाजार में आज कारोबार शुरू होने के साथ ही भारी गिरावट देखने को मिली। थोड़ी देर के भीतर ही सेंसेक्स 1000 अंक नीचे आ गया है। निफ्टी भी गिरकर 14,850 के नीचे आ गया। माना जा रहा है कि सीरिया पर अमेरिका के हवाई हमले की वजह से चलते आज दुनियाभर के बाजार सेंटीमेंट कमजोर हुए हैं। कल अमेरिकी बाजार भारी गिरावट पर बंद हुए, जबकि आज एशियाई बाजारों में बिकवाली है।