कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन, 42 दिन से दिल्ली के एम्स अस्पताल में थे भर्ती

मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का आज 58 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे।

Updated: Sep 21, 2022, 10:20 AM IST

नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। उन्होंने 58 साल की उम्र में आज आखिरी सांसें ली। राजू श्रीवास्तव के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। देशभर में उनके लाखों प्रशंसक सदमे में हैं।

राजू श्रीवास्तव पिछले 42 दिनों से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। पिछले 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें एम्स में एडमिट कराया गया था।दरअसल, वे दिल्ली के एक होटल में रुके थे और वहीं के जिम में वह वर्कआउट कर रहे थे। वर्कआउट के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और वह ट्रेडमिल पर गिर पड़े थे। राजू को फिर तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में उनका इलाज चल रहा था। उन्हें ब्रेन इंजरी हो गई थी।

कानपुर के रहने वाले राजू श्रीवास्तव का असली नाम सत्य प्रकाश श्रीवास्तव था और वह गजोधर भैया के नाम से पर्दे पर मशहूर थे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1963 को हुआ था। श्रीवास्तव अपने अभिनय से दर्शकों को खूब हंसाते थे। साल 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के पहले सीजन में भाग लेने के बाद उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया', ‘बाजीगर', ‘बॉम्बे टू गोवा' (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी फिल्मों में अभिनय किया था। श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी थे।