नहीं रहे दिलीप कुमार, दिग्गज अभिनेता का 98 साल की उम्र में निधन, शोक में डूबा बॉलीवुड

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार को सांस लेने में तकलीफ के बाद हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था

Updated: Jul 07, 2021, 03:38 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार नहीं रहे। दिलीप कुमार ने आज सुबह 98 वर्ष की उम्र में आखिरी सांसें ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक सांस लेने में तकलीफ के बाद पिछले बुधवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिलीप कुमार के निधन से फ़िल्म समेत पूरे देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिलीप कुमार को एक्टिंग के लिए 8 बार बेस्ट एक्टर के तौर पर फ़िल्म फेयर अवार्ड मिला है। हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान दादा साहब फाल्के अवार्ड से भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। साल 2015 में भारत सरकार ने देश का दूसरा सबसे बड़े सम्मान पद्मभूषण भी दिया था। 

दिलीप कुमार का असली नाम मोहम्मद यूसुफ खान था। उनका जन्म 11 दिसंबर 1922 को ब्रिटिश इंडिया के पेशावर (अब पाकिस्तान) में हुआ था। उन्होंने पढ़ाई नासिक में की थी। राज कपूर उनके बचपन में ही दोस्त बन गए थे। करीब 22 साल की उम्र ही उन्हें पहली फ़िल्म मिल गए4 थी। सन 1944 में उन्होंने ज्वर भाटा में काम किया था।

दिलीप कुमार को बॉलीवुड का ट्रेजडी किंग कहा जाता है। वह अधिकांश फिल्में ठुकरा देते थे, क्योंकि उनका मानना था कि फिल्में कम हो लेकिन बेहतर हो। उन्होंने साल 1955 में बने 'देवदास' और 1960 में बने 'मुगल ए आजम' में अपनी दमदार एक्टिंग के बदौलत घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। अंदाज, क्रांति, कर्मा, सौदागर समेत 50 से अधिक बॉलीवुड फिल्मों में उन्होंने काम किया है। दिलीप कुमार का जाना बॉलीवुड के लिए अपूर्णीय क्षति माना जा रहा है।

दिलीप कुमार ने साल 1966 में मशहूर फिल्म अभिनेत्री सायरा बानो से शादी की थी। शादी के वक़्त सायरा बानो दिलीप कुमार से 22 वर्ष छोटी थीं। अभिनेता ने आसमा साहिबा से भी शादी की थी, लेकिम उनकी शादी नहीं चल सकी। हालांकि, सायरा बानो अंतिम सांस तक दिलीप कुमार के साथ रहीं। वह उनके प्रशंसकों को लगातार उनकी हेल्थ अपडेट भी देती रहती थीं।