फ्रांस के राष्ट्रपति को एक शख्स ने सरेआम जड़ा थप्पड़, मामले में दो लोग गिरफ्तार

इमैनुएल मैक्रों दक्षिण पूर्वी फ्रांस के दौरे पर थे, इसी दौरान जब वे छात्रों रेस्तरां मालिकों से मिलने जा रहे थे, उसी समय एक युवक ने राष्ट्रपति को थप्पड़ लगा दिया

Publish: Jun 09, 2021, 03:11 AM IST

नई दिल्ली। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को एक शख्स ने खुलेआम थप्पड़ जड़ दिया। फ्रांसीसी राष्ट्रपति को थप्पड़ जड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।इमैनुएल मैक्रों को थप्पड़ जड़ने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। जहां दोनों से ही पूछताछ की जा रही है।

दरअसल यह घटना उस दौरान हुई जब राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दक्षिण पूर्वी फ्रांस के दौरे पर थे। इमैनुएल मैक्रों वहां छात्रों और रेस्तरां मालिकों से बात करने जा रहे थे। कोरोना काल से उन लोगों ने कैसे लड़ाई की और संक्रमण काल में उनके प्रयासों के बारे में बातचीत करने जा रहे थे।

इसी दौरान जब भीड़ से वे हाथ मिलाने गए। तब एक शख्स ने थप्पड़ जड़ दिया। राष्ट्रपति को थप्पड़ जड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में फ्रांसीसी राष्ट्रपति सफेद रंग की शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। एक व्यक्ति उन्हें हाथ मिलाते ही ज़ोर से थप्पड़ जड़ते दिख रहा है। 

राष्ट्रपति को थप्पड़ जड़ते ही सुरक्षाकर्मियों ने युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ युवक के अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों से इस पूरे मामले के बारे में पूछताछ की जा रही है। हालांकि युवक ने राष्ट्रपति को थप्पड़ किस वजह से मारा, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है।