हमें रूस को परमाणु हमले की धमकी देनी चाहिए: डोनाल्ड ट्रंप का राष्ट्रपति बाइडेन को सुझाव

हाल ही में ट्रंप ने एक आईडिया देते हुए कहा था कि हमें अपने फाइटर जेट्स पर चीनी झंडे लगाकर रूस पर हमला कर देना चाहिए, इससे रूस और चीन लड़ने लगेंगे और हम बैठकर मजा लेंगे

Updated: Mar 27, 2022, 12:51 PM IST

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने गैरजिम्मेदाराना हरकतों और बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। रूस और यूक्रेन युद्ध को लेकर भी वह लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को रूस को रोकने का एक और तरीका सुझाया है। उन्होंने कहा है कि हमे रूस को परमाणु हमले की धमकी देनी चाहिए।

डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि, 'यूक्रेन की धरती पर हाइपरसोनिक मिसाइलें दागकर रूस ने न सिर्फ नाटो बल्कि अमेरिका को भी ललकारा है। हम कहते हैं की रूस एक परमाणु शक्ति है। लेकिन हम रूस से बड़ी परमाणु शक्ति हैं। हमारे पास दुनिया की सबसे बड़ी पनडुब्बियां हैं, अब तक की सबसे शक्तिशाली मशीनें हैं।'

यह भी पढ़ें: पुतिन को सता रहा खाने में जहर देकर हत्या का डर, 1000 पर्सनल स्टाफ को नौकरी से निकाला

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि, 'मैंने पुतिन को एक शब्द का इस्तेमाल करते हुए सुना। वह लगातार परमाणु शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। देखिए, अगर कोई परमाणु हमले का जिक्र करता हैं एक बार नहीं कई बार, तो हमे भी आगे आकर परमाणु हमले की धमकी देनी चाहिए। आप इस त्रासदी को जारी नहीं रहने दे सकते। यूक्रेन में हजारों लोग मर रहे हैं।'

बता दें कि हाल ही में ट्रंप ने बाइडेन को सुझाव देते हुए कहा था कि अमेरिका को F-22 लड़ाकू विमानों पर चीन का झंडा लगाना चाहिए और रूस पर बमबारी कर देनी चाहिए। और हमें कहना चाहिए कि ये हमला चीन ने किया है। इस तरह दोनों देश रूस और चीन एक-दूसरे से लड़ने लगेंगे और हम लोग बैठकर इसका मजा लेंगे।