Japan : भारी बारिश और बाढ़ से 60 की मौत

बाढ़ के चलते देश भर में 36 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

Publish: Jul 09, 2020, 02:49 AM IST

Pic: Swaraj Express
Pic: Swaraj Express

टोक्यो। लगातार बारिश के कारण जापान का दक्षिणी इलाका बाढ़ से जूझ रहा है और अब उत्तरपूर्वी जापान में भी भारी बारिश शुरू हो गई। इससे यहां नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मकानों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। पिछले कई दिनों में बाढ़ में कम से कम 60 लोग मारे गए हैं और दर्जनों लापता हैं। सात जुलाई की सुबह तक मध्य जापान के नगानो और गिफू के कुछ इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

एनएचके टेलीविजन में दिखाई गई तस्वीरों के अनुसार हिदा नदी उफान पर है और तट को तोड़ते हुए नदी के पास के राष्ट्रीय राजमार्ग को इसने क्षतिग्रस्त कर दिया। मध्य जापान के दूसरे शहर गेरो में नदी का पानी नदी के ऊपर बने पुल के ठीक नीचे पहुंच गया है। 

मीडिया संस्थान जापान टाइम्स की खबर के मुताबिक तकायामा शहर में कई घर मिट्टी धंसने से तबाह हो गए। यहां पेड़ उखड़ गए और चारों तरफ मलबा बिखरा हुआ है। यहां रहने वालों के बारे में तत्काल कुछ पता नहीं चल पाया है। देश भर में लगभग 36 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है और आश्रय लेने वाले लोगों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। बाढ़ में मारे गए लोगों में से ज्यादातर लोग सर्वाधिक प्रभावित कुमामेटो प्रांत के हैं।