वियतनाम में भी मिला कोरोना का नया स्ट्रेन, भारत और ब्रिटेन से मिलता जुलता है स्वरूप

ब्रिटेन, अफ्रीका, ब्राज़ील और भारत के बाद अब वियेतनाम भी कोरोना के नए स्ट्रेन की चपेट में, वियतनाम के स्वास्थ्य विभाग ने की पुष्टि

Updated: May 30, 2021, 05:21 AM IST

Photo Courtesy: Evening Standard
Photo Courtesy: Evening Standard

नई दिल्ली। वियतनाम में हवा के ज़रिए तेज़ी से फैलने वाला कोरोना का नया स्ट्रेन मिला है। वियतनाम में मिला कोरोना का यह नया स्ट्रेन भारत और ब्रिटेन में आए स्ट्रेन से मिलता जुलता है। इस बात की पुष्टि खुद वियतनाम के स्वास्थ्य महकमे ने की है। 

इस समय वियतनाम का आधे से ज़्यादा हिस्सा इस नए स्ट्रेन से जूझ रहा है। हानोई और हो ची मिन्ह शहर में कोरोना का यह नया स्ट्रेन तेज़ी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। अप्रैल से लेकर अब तक वियतनाम में 6800 से ज़्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अप्रैल से लेकर अब तक 47 लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है। 

यह भी पढ़ें : ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने कैरी साइमंड्स से रचाई गुपचुप शादी, दो बार हो चुका है तलाक

वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्री गुयेन थोन लॉन्ग ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि भारत और ब्रिटेन से मिलता जुलता स्ट्रेन वियतनाम में भी मिला है। वायरस का यह नया स्ट्रेन से तेज़ी से हवा में फैलता है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने नए स्ट्रेन से संक्रमितों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वायरस का यह नया स्ट्रेन वियतनाम के 30 जगहों पर फैल चुका है।

कुछ समय पहले तक वियतनाम में कोरोना के मामले नियंत्रित होते दिख रहे थे। ऐसा लग रहा था जैसे यह देश जल्द ही कोरोना पर नियंत्रण पा लेगा। लेकिन एकाएक वियतनाम में कोरोना के मामले तेज़ी से बढ़ने लगे। नए स्ट्रेन ने उन जगहों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है, जहां घनी आबादी है और इंडस्ट्रियल ज़ोन होने के कारण बड़ी बड़ी कंपनियों के ऑफिस हैं। 

यह भी पढ़ें : मेहुल चोकसी को भारत लाने के लिए डोमिनिका पहुंचा भारतीय विमान

दूसरी तरफ वियतनाम टीकाकरण अभियान में तेज़ी लाने का प्रयास कर रहा है। करीब 9.70 करोड़ की आबादी वाले इस देश में अब तक दस लाख लोगों का ही टीकाकरण हो पाया है। जिस वजह से वियतनाम में आए इस नए स्ट्रेन के कारण संक्रमण के तेज़ी से फैलने की आशंका है।