मध्य प्रदेश में 2 दिन कड़ाके की ठंड, गेहूं-चना समेत अन्य फसलों को लेकर अलर्ट, चंबल संभाग में बारिश का अनुमान

भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में सर्द हवाएं चलती रही। गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। खंडवा, खरगोन, सिवनी और छतरपुर में कोल्ड-डे (ठंडा दिन) रहने की स्थिति है।

Updated: Jan 25, 2024, 08:55 AM IST

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 2 दिन राज्य में तेज सर्दी पड़ने का अनुमान जताया है। ऐसे में गेहूं, चना समेत अन्य फसलों को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। इधर, बुधवार को ग्वालियर-पचमढ़ी सबसे ठंडे रहे। यहां दिन का तापमान 20 डिग्री के नीचे रहा।

भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में सर्द हवाएं चलती रही। गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। खंडवा, खरगोन, सिवनी और छतरपुर में कोल्ड-डे (ठंडा दिन) रहने की स्थिति है। भोपाल में भी अगले 2 दिनों तक मौसम सर्द रहेगा। दिन का तापमान 23-24 डिग्री और रात में टेम्प्रेचर 8-9 डिग्री के बीच रह सकता है।

बुधवार को प्रदेश के कई शहरों में दिनभर सर्द हवाएं चलती रही। खजुराहो में भी मौसम ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 21.4 डिग्री रहा। मलाजखंड में 21.6 डिग्री, रायसेन में 22.4 डिग्री रहा। छिंदवाड़ा, नौगांव, रीवा, बैतूल, खंडवा, खरगोन, सीधी, सतना, नर्मदापुरम, सागर, धार में तापमान 25 डिग्री से कम रहा। सबसे अधिक तापमान टीकमगढ़ में 28 डिग्री दर्ज किया गया। 

मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन के मुताबिक 25 जनवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है। उसके 2 दिन बाद एक और ऐसा ही सिस्टम आ सकता है। इनका असर मध्य प्रदेश में भी हो सकता है। जिससे अगले 5 दिन में मौसम के दो बार बदलने का अनुमान है। 25 या 26 जनवरी से एक-दो दिन महाकौशल और ग्वालियर-चंबल संभागों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

एक्सपर्ट्स की मानें तो उन जिलों में पाला गिरने के आसार हैं, जहां रात का पारा 5 डिग्री से कम है, क्योंकि टेम्प्रेचर इतना नीचे जाने से पाला गिरने की स्थिति बनती है। इससे पौधों पर बर्फ जमने लगती है, और वे झुलस जाते हैं।