अमित शाह का भोपाल दौरा अचानक रद्द, कांग्रेस बोली- मैदान छोड़कर भाग रहे गृह मंत्री

अमित शाह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आने वाले थे यहां उनकी एक प्रेस कांफ्रेंस प्रस्तावित थी, पत्रकारों को पास भी बंट गए थे, लेकिन अब अचानक उन्होंने भोपाल दौरा रद्द कर दिया।

Updated: Jul 30, 2023, 12:34 PM IST

भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज भोपाल दौरा अचानक रद्द कर दिया है। अब वह सीधे इंदौर जाएंगे। पहले अमित शाह राजधानी भोपाल में आने वाले थे और फिर यहां से इंदौर जाने वाले थे लेकिन अब वे भोपाल नहीं जाएंगे। वे दिल्ली से सीधे राजकीय विमान से इंदौर पहुंचेंगे। भोपाल दौरा निरस्त किए जाने पर कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा कि गृहमंत्री मैदान छोड़कर भाग रहे हैं।

दरअसल, भोपाल में अमित शाह की एक प्रेस कांफ्रेंस प्रस्तावित थी। भाजपा मीडिया विभाग द्वारा कल देर शाम तक इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के पास बांटे गए। सभी मीडियाकर्मियों को बुलाकर शाह के पीसी का एंट्री पास दिया गया। लेकिन सुबह पता चला कि शाह अब भोपाल नहीं आएंगे। गृहमंत्री का दौरा क्यों रद्द हुआ इस बात का जवाब भाजपा में किसी के पास नहीं है।
अमित शाह मध्य प्रदेश में इस महीने तीसरी बार आ रहे हैं।

शाह का भोपाल दौरा निरस्त होने को लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है। कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए गले की हड्डी बन गया है। हार सामने देखकर कोई मैदान में उतरना नहीं चाहता। शिवराज जी चेहरा है नहीं, वीडी जी का कोई स्कोप नहीं है। मोदी ने शहडोल तो नड्डा के बाद अमित शाह ने भी भोपाल का दौरा रद्द कर दिया है। हार का दाग लगवाने के लिए कोई अपना चेहरा पेश नहीं कर रहा। कोई कितना भी बिल में छुप ले, लेकिन मध्य प्रदेश की जनता और हनुमान जी का गदा 18 साल से प्रदेश का सत्यानाश करने वालों को खोज कर सजा देगा। लुका छुपी से कोई फायदा नहीं।'

बहरहाल, शाह अब इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे संभवतः यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं। खास बात ये है कि इंदौर में ही आज कांग्रेस के दिग्गजों का भी जुटान हो रहा है। कांग्रेस के दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी आज इंदौर में ही हैं। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार भी इंदौर में आयोजित आदिवासी महापंचायत में शामिल होंगे।