भाजपा के सभी 28 सांसद छिपे हुए हैं, पिछले चार वर्षों में उन्होंने कोई काम नहीं किया: कमलनाथ

बालाघाट जिले के परसवाड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कहा- भाजपा का प्रयास है कि प्रलोभन देकर जनता को गुमराह किया जाए। चुनाव के पहले अपने पाप धोने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं सीएम शिवराज।

Updated: May 25, 2023, 02:46 PM IST

बालाघाट। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह प्रदेशभर के दौरे कर रहे हैं। इसी क्रम में पीसीसी चीफ पूर्व सीएम कमलनाथ गुरुवार को बालाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने सीएम शिवराज पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने पाप धोने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं।

कमलनाथ ने भाजपा सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा, "भाजपा के सभी 28 सांसद फिलहाल छिपे हुए हैं, क्योंकि पिछले 4 वर्षों में उन्होंने कोई काम नहीं किया। शिवराज सरकार के विकास यात्रा का 160 जगह पर विरोध हुआ जिससे भाजपा एवं उनके जनप्रतिनिधियों की पोल खुल गई है।" पूर्व सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा, "मध्य प्रदेश में आज हर क्षेत्र में व्यवस्थाएं खस्ताहाल हो चुकी हैं। भर्ती व्यवस्थाओं की बात करें तो पेसा कोऑर्डिनेटर भर्ती में बड़ा घोटाला सामने आया, जिसने प्रदेश को लज्जित किया और आदिवासी वर्ग के अधिकारों का हनन हुआ।"

कमलनाथ ने आगे कहा, "भारतीय जनता पार्टी का प्रयास है कि कोई ना कोई प्रलोभन देकर जनता को गुमराह किया जाए। 18 वर्षों तक उन्हें लाडली बहनों की याद नहीं आई, किसानों की परेशानियां और बेरोजगारी याद नहीं आई। लेकिन चुनाव के पहले अपने पाप धोने के लिए घोषणाएं कर रहे हैं।" पूर्व सीएम ने कहा कि, "नारी सम्मान योजना का प्रदेश भर में बहुत अच्छा रिस्पांस मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। प्रदेश की जनता कांग्रेस पर विश्वास कर रही है और यही विश्वास इस चुनाव में बहुत बड़ी भूमिका निभाएगा।"

कमलनाथ ने आगे कहा, "हमारा संगठन लगातार जनता के संपर्क में बना हुआ है और आज प्रदेश की समझदार जनता इस बात को समझ चुकी है कि विगत वर्षों में उनके साथ कितना बड़ा धोखा किया गया है।" प्रदीप जायसवाल के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि आलोक मिश्रा ने कल स्पष्ट कर दिया है कि प्रदीप जायसवाल को कांग्रेस में लेने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता और उन्होंने यह वक्तव्य मुझसे सहमति लेकर ही दिया है।