MP के सैलाना से राजस्थान पहुंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा, 17 मार्च को मुंबई में होगा समापन

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सन 1979 में इंदिरा गांधी भी सैलाना आईं थीं और उन्होंने रात 12 बजे यहां एक सार्वजनिक बैठक की थी। इसके बाद वे 2 बजे एक और बैठक करने के लिए मंदसौर चली गईं।

Updated: Mar 07, 2024, 01:25 PM IST

रतलाम। मध्यप्रदेश में 5 दिन रहने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज यानी गुरुवार को राजस्थान में प्रवेश कर गई। राहुल गांधी सुबह 11.40 बजे ओपन जीप से राजस्थान के बांसवाड़ा के लिए रवाना हुए। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे। राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने यात्रा की अगवानी की।

मध्य प्रदेश में यात्रा की एंट्री भी राजस्थान के रास्ते हुए थी और एग्जिट भी राजस्थान में हुई। राजस्थान के धौलपुर से यह यात्रा 2 मार्च को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में आई थी। मुरैना से ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, धार को कवर करते हुए भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आखिरी पड़ाव रतलाम जिले में सैलाना के सरवन गांव में रहा। यहां राहुल गांधी और उनकी टीम ने रात्रि विश्राम किया। यह गांव राजस्थान की सीमा से सटा है। यहां से 10 किलोमीटर आगे राजस्थान बॉर्डर है।

राजस्थान के लिए निकलने से पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रतलाम में मीडिया को बताया कि सन 1979 में इंदिरा गांधी ने सैलाना, रतलाम का दौरा किया था। रात 12 बजे यहां एक सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद वे 2 बजे एक और बैठक करने के लिए मंदसौर चली गईं। हम कल यहां बैठक करना चाहते थे, लेकिन हम चूक गए। सिंह ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र लंबे समय से कांग्रेस पार्टी का समर्थक रहा है। कांग्रेस ने ही इन्हें आजादी दिलाई। कांग्रेस ने इन्हें जमीनें दीं। बच्चों को नौकरियां दीं और विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री बनाया।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि न्याय यात्रा का आज 54वां दिन है। मध्य प्रदेश से हम बांसवाड़ा जा रहे हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश में शानदार ढंग से सफल रही है। समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से युवाओं का यात्रा को ज़बरदस्त रिस्पांस मिला है। यात्रा से राज्य में पार्टी संगठन को काफ़ी अच्छा बूस्टर डोज मिला है। पार्टी संगठन में नई जान, नया उत्साह दिखाई दे रहा है। मुझे विश्वास है कि लोकसभा चुनाव में यह यात्रा हमारे लिए फायदेमंद साबित होगी।

उन्होंने कहा कि 17 मार्च को मुंबई में INDIA गठबंधन की एक रैली होगी। यह भारत जोड़ो न्याय यात्रा का अंतिम कार्यक्रम होगा। हमने गठबंधन की सभी 26 पार्टियों को निमंत्रण दिया है। हम उम्मीद करते हैं कि सभी लोग आएंगे।