भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए कराया था नुक्कड़ नाटक, पेमेंट नहीं मिलने से परेशान थिएटर आर्टिस्ट ने किया सुसाइड

थिएटर आर्टिस्ट अनिमेष मेहता ने भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए 296 नुक्कड़ नाटक किए थे और अबतक उन्हें इसका पेमेंट नहीं मिला था।

Updated: Dec 27, 2023, 09:46 AM IST

भोपाल। भोपाल के थिएटर आर्टिस्ट व लाइन प्रोड्यूसर अनिमेष मेहता ने सुसाइड कर लिया। 36 वर्षीय अनिमेष भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में रहते थे। सोमवार शाम को उसका शव घर में पंखे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने उनसे नुक्कड़ नाटक कराया था। लेकिन उन्हें पेमेंट नहीं मिला। इसी बात से वे परेशान थे और आखिर में उन्होंने आत्महत्या कर ली।

अनिमेष के पिता राजेंद्र मेहता बताते हैं कि उनके बेटे ने विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रचार के लिए नुक्कड़ नाटक किए थे। जिसका पेमेंट नहीं मिलने के चलते वह लंबे समय से डिप्रेशन में था। राजेंद्र मेहता के मुताबिक अनिमेष ने भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए 296 नुक्कड़ नाटक किए थे। बीजेपी नेता सक्षम अग्रवाल ने उसे यह काम दिलवाया था। बाद में सक्षम अग्रवाल अनिमेष से काम दिलवाने के बदले रुपए की डिमांड करने लगा। इसी बात को लेकर सक्षम से अनिमेष का विवाद हुआ था। तब सक्षम ने कहा था कि तुमसे हो सके तो तुम पैसा ले लेना। तब से उनका बेटा डिप्रेशन में था।

अनिमेष के पिता के आरोपों पर सक्षम अग्रवाल का कहना है कि हमने 14 नवंबर को काम पूरा किया था। अनिमेष को 40 हजार रुपए देने थे। यह कोई बड़ा पेमेंट नहीं हाेता है। कई बार हमें भी लेना होता था तो वह देरी से देता था। मैं उसका पुराना मित्र हूं, उनके परिवार के हर मसले में साथ रहा हूं। मुझे तो पेमेंट देना ही था। वैसे भी 40 हजार रुपए के लिए कोई दबाव में नहीं आता। व्यापार में कभी पेमेंट मायने नहीं रखता है। इस दुखद घटना की पीड़ा हमें भी हुई है।