BJP ने लोकतंत्र को कलंकित किया, निर्वाचन आयोग के दफ्तर के सामने भूख हड़ताल करेंगे: जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने कहा कि कल निर्वाचन आयोग के दफ्तर के सामने कांग्रेस के सभी विधायक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। सभी जिला कांग्रेस कमेटियां भी इस तरह के आदेश के खिलाफ उपवास करेगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की इकलौती उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रिटर्निंग ऑफिसर ने रद्द कर दिया है। नटराजन पर आरोप है कि उन्होंने अपने नामांकन फॉर्म में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित आपराधिक मामले की जानकारी कथित तौर पर छुपाई थी। इस फैसले के विरुद्ध कांग्रेस ने प्रदर्शन का ऐलान किया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कल निर्वाचन आयोग के दफ्तर के सामने कांग्रेस के सभी विधायक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। सभी जिला कांग्रेस कमेटियां भी इस तरह के आदेश के खिलाफ उपवास करेगी। पटवारी ने कहा कि जिस आधार पर नामांकन फॉर्म निरस्त किया गया है, वह मामला बनता ही नहीं है। कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से संविधान की लड़ाई देश की जनता के साथ मिलकर लड़ेगी। पूरे प्रदेश में इसको लेकर आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी के वकील अजय गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी ने पूर्णतः असंवैधानिक आदेश दिया है। ये पूरी तरह से गुंडागर्दी वाली बात है। हैदराबाद की न्यायालय से नटराजन को BNS की धारा 223 के अंतर्गत नोटिस जारी हुआ था। इसका फॉर्म में उल्लेख नहीं किया गया था और इस ही आपराधिक केस छुपाने की संज्ञा दी गई।
वकील गुप्ता ने बताया कि हमने जवाब में कहा कि ये नोटिस है, आपराधिक प्रकरण नहीं। ये आपराधिक प्रकरण की श्रेणी में नहीं आता है। नोटिस आपराधिक प्रकरण नहीं हो सकता। ये अवैध आदेश है। ये पूरी निर्वाचन प्रक्रिया का दुरुपयोग है। ये चाहते हैं कि जबतक हम कोर्ट जाएं, ये लोग रिजल्ट डिक्लेयर कर दें। हम ECI को इस बारे में प्रेजेंटेशन देंगे कि यही करना है तो चुनाव का फॉर्मेलिटी क्यों कर रहे हैं? ऐसे ही रिजल्ट घोषित कर दें।




