श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की पहली सीरीज जीत, जिम्बाब्वे को 90 रन से हराया
हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। ईशान किशन ने 81 और तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन बनाए।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारतीय टीम ने अपनी पहली टी-20 सीरीज जीत ली है। हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 219 रन बनाए। जिसके जवाब में मेजबान टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।
भारतीय बल्लेबाजी में ईशान किशन ने शानदार लय दिखाते हुए 44 गेंदों पर 81 रन बनाए। जबकि, तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 94 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 25 रन का योगदान दिया और ईशान के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी निभाई।
हालांकि, भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। अभिषेक शर्मा केवल 8 रन और वैभव सूर्यवंशी 20 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए थे। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन ने पारी संभाली और श्रेयस अय्यर के साथ टीम को स्थिरता दी। इसके बाद तिलक वर्मा के साथ उनकी बड़ी साझेदारी ने भारत का स्कोर 219 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। जबकि, तादीवानाशे मरुमानी ने 24 रन का योगदान दिया लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।
गेंदबाजी में अभिषेक शर्मा सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 15.2वें ओवर में न्यूमैन न्यामहुरी और 17.5वें ओवर में रिचर्ड नगारवा को आउट कर जिम्बाब्वे की पारी का अंत किया। यश ठाकुर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला विकेट हासिल करते हुए ब्रायन बेनेट को पवेलियन भेजा और बाद में 16.1वें ओवर में तादीवानाशे मरुमानी को भी बोल्ड किया। प्रिंस यादव ने बेन करन और कप्तान सिकंदर रजा को आउट कर जिम्बाब्वे की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लिए।
इस जीत के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारत ने लगातार दूसरा टी-20 मुकाबला जीतते हुए तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय टी-20 सीरीज भी अपने नाम कर ली।




