लूट में लगे हुए हैं भाजपा के मंत्री-विधायक, भ्रष्टाचार की इस सरकार के खिलाफ जनता में है भयंकर आक्रोश: अरुण यादव

भाजपा द्वारा निकाली गई अवसरवाद यात्रा में जनता ने अपना आशीर्वाद देने में जिस तरह की बेरुखी और जन आक्रोश यात्रा को भारी जन समर्थन दिखाया है, उससे यह साफ है की मध्य प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है: अरुण यादव

Updated: Sep 28, 2023, 06:07 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा ने अपने सात मौजूदा सांसदों और तीन केंद्रीय मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। वहीं, कांग्रेस प्रदेशभर में सात क्षेत्रों से जन आक्रोश यात्राएं निकाल रही है। प्रदेश कांग्रेस के सात दिग्गज नेता इन यात्राओं का नेतृत्व कर रहे हैं। बुंदेलखंड में निकाली जा रही यात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर हैं। यादव ने कहा कि भाजपा के मंत्री और विधायक पूरे प्रदेश में लूट में लगे हुए हैं।

कांग्रेस द्वारा बुंदेलखंड में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा का नेतृत्व कर रहे अरुण यादव दमोह, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ जिला से होते हुए बुधवार देर रात सागर पहुंचे थे। यहां उन्होंने जन आक्रोश रैली एवं जन आक्रोश सभा में हिस्सा लिया। देवरी एवं सुरखी विधानसभा क्षेत्र रवाना होने से पहले सुबह उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में सुबह पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने गुरुवार को संभागीय मुख्यालय सागर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव तथा प्रदेश के सह प्रभारी सीपी मित्तल भी मौजूद रहे।
इस दौरान अरुण यादव ने कहा कि बुंदेलखंड अंचल के पांच जिलों से होकर यहां पहुंचने पर यह स्पष्ट है कि 18 साल के कुशासन वाली भय और भ्रष्टाचार की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में भयंकर आक्रोश है।

यादव ने आगे कहा कि भाजपा द्वारा निकाली गई अवसरवाद यात्रा में जनता ने अपना आशीर्वाद देने में जिस तरह की बेरुखी की और जन आक्रोश यात्रा को भारी जन समर्थन दिखाया है उससे यह साफ है की मध्य प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन में 12 साल की अबोध बालिका के साथ दुष्कृत्य की शर्मनाक खबर सुर्खियों में बनी हुई है। जो पूरे देश में हमारे प्रदेश को कलंकित और शर्मसार करने वाली है। यह स्थिति पूरे प्रदेश में बेटियों और महिलाओं की है। इस घटना से सहज अंदाज लगाया जा सकता है कि प्रदेश में महिलाएं एवं बेटियां कितनी असुरक्षित है।

अरुण यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि समूचे प्रदेश में भाजपा के मंत्री, विधायक, कार्यकर्ता लूट में लगे हुए है। रेत, रोड़ कंस्ट्रक्शन, विधायक निधि तक में 50 प्रतिशत तक कमीशन लिया जा रहा है। अरुण यादव ने सागर के ऐतिहासिक तालाब की दुर्दशा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सागर का तालाब एक समय सागर की शान रही है। इस ऐतिहासिक विरासत को भी पूर्ण रूप से नष्ट किए जाने का काम यहां किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के लिए 1600 करोड़ रुपये आया था, बुंदेलखंड के विशेष पैकेज 7 हज़ार 200 करोड़ रुपये आया था लेकिन भाजपा के मंत्रियों, विधायको और भ्रष्ट अधिकारियों ने इन पैसों का बंदरबांट किया।

यादव ने बुंदेलखंड पैकेज में हुए भ्रष्टाचार पर आगे कहा कि पन्ना में 100-100 करोड़ रुपये के बांध बनाये थे वो पहली ही बारिश में बह गए। वेयरहाउस व नहरें, सड़कें बनना थी मगर उसमें भी पैसे की बर्बादी और भ्रष्टाचार किया गया है। टिकट वितरण को लेकर पत्रकारों द्वारा किए गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर प्रोसेस जारी है, कांग्रेस की पहली सूची 5-10 अक्टूबर के बीच आएगी। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव सीपी मित्तल ने कहा कि प्रदेश में आज जो माहौल है उसे देखकर उन्हें दृढ़ विश्वास है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और प्रबल बहुमत से बनेगी।