सिवनी में भाजपा विधायक की गुंडागर्दी, नहर निर्माण कार्य में जुटे अफसर और मजदूरों को पीटा
भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन और उनके समर्थकों पर नहर प्रोजेक्ट में जुटे एसडीओ, प्रोजेक्ट मैनेजर और वहां मजदूरों को पीटने का आरोप है।
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन की गुंडागर्दी देखने को मिली है। यहां मुनमुन और उनके गुर्गों पर नहर प्रोजेक्ट में जुटे एसडीओ, प्रोजेक्ट मैनेजर और मजदूरों को पीटने का आरोप है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि उनके वाहनों के शीशे भी तोड़े गए।
घटना बुधवार दोपहर 3 बजे के बाद की बताई जा रही है, लेकिन अब तक डर से किसी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। दरअसल, पेंच डाइवर्शन परियोजना के तहत सिवनी ब्रांच नहर पर मरम्मत कार्य चल रहा था। नहर में एक हफ्ते बाद नहर में सिंचाई का पानी छोड़ा जाना था इससे पहले ही पानी न मिलने पर विधायक और किसान जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जाहिर कर चुके थे।
बुधवार को इस संबंध में आक्रोश रैली भी निकाली गई। सूत्रों के मुताबिक, रैली के बाद विधायक और उनके 100 से ज्यादा समर्थक निर्माण स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य अभियंता एके डहेरिया को मौके पर बुलाने और फोन लगाने को कहा, लेकिन अफसर ने फोन नहीं लगाया। इस पर विवाद बढ़ा।
प्रोजेक्ट मैनेजर मयंक कुलश्रेष्ठ ने बताया कि एसडीओ को लात-घूंसे से पीटा गया। मजदूरों को भी लाठी-डंडों से मारा गया। इस बीच, मुख्य अभियंता एके डेहरिया ने घटना को लेकर प्रमुख अभियंता भोपाल को पत्र भेजा है। इसमें विधायक का नाम शामिल है। मामले पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मैं घटना की जानकारी ले रहा हूं।