भाजपा के लोग घबराए हुए हैं, जन आशीर्वाद यात्रा में नहीं बुलाने पर उमा भारती ने जताई नाराजगी
भाजपा मध्य प्रदेश में पांच स्थानों से जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है और इसकी शुरुआत चित्रकूट से हो चुकी है। यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण न मिलने पर उमा भारती ने नाराजगी जाहिर की है।

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश बीजेपी में अंतर्कलह बढ़ती ही जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती को जन आशीर्वाद यात्रा में पार्टी ने नजरअंदाज कर दिया। इस बात को लेकर उमा भारती ने न सिर्फ नाराजगी जताई बल्कि यहां तक कह दिया कि भाजपा के लोग घबराए हुए हैं।
रविवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चित्रकूट में जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इसे लेकर पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा, "हो सकता है कि वे घबरा गए हों कि अगर मैं वहां रहूंगी तो पूरी जनता का ध्यान मुझ पर होगा।" उमा भारती ने कहा, "अगर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें सरकार बनाने में मदद की तो मैंने भी उन्हें बड़ी बहुमत वाली सरकार बनाने में मदद की।"
उमा भारती जी का अपने समर्थक को टिकट देने का पत्र खुद भाजपा ने लीक कर दिया अब भाजपा "आशीर्वाद यात्रा" में न बुलाकर उनका अपमान कर रही है।
— Bhopal Congress (@Bhopalinc) September 3, 2023
यह सब इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने कहा कि मोदी "विनाश पुरुष" हैं, यह मध्य प्रदेश भाजपा में पूरी तरह से दरार है, भाजपा के वरिष्ठ नेता सिंधीया गुट… pic.twitter.com/K4Mld7TnqW
उमा भारती ने आगे कहा, "मैं उन्हें (सिंधिया) भतीजे की तरह प्यार करती हूं, लेकिन कम से कम मैं यात्रा के शुभारंभ पर आमंत्रित किए जाने के योग्य थी, भले ही मैं वहां नहीं जाती। लेकिन फिर भी मैं आगामी चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार करूंगी और वोट मांगूंगी।" भाजपा ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
हालांकि विपक्षी कांग्रेस ने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि भाजपा अपने नेताओं का अपमान करती है। कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी को किनारे कर दिया... हमारी संस्कृति में भगवान भी उस व्यक्ति को माफ नहीं करता है जो बड़ों का सम्मान नहीं करता है।