मंच पर बीजेपी महिला नेताओं की हाथापाई, कुर्सी पर बैठने को लेकर जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल

पन्ना में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के कार्यक्रम में भिड़ी महिलाएं, मंच पर बैठने को लेकर हुआ विवाद, एक ने दूसरे को जड़ा जोरदार थप्पड़

Updated: Dec 26, 2022, 03:49 AM IST

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना में बीजेपी के मंच पर पार्टी की एक महिला नेता ने दूसरी महिला नेता को थप्पड़ जड़ दिया। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद कुर्सी पर बैठने को लेकर हुआ। लेकिन देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक आ पहुंची।

मामला पन्ना के तलैया मैदान का है। यहां 25वीं यूथ नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया था। 22 दिसंबर को आयोजन के समापन के मौके पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा इस कार्यक्रम में मौजूद थे। साथ ही प्रदेश सरकार के 6 मंत्रियों समेत बीजेपी के कई पदाधिकारी और नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बताया जा रहा है कि वीडी शर्मा के कार्यक्रम से जाने के करीब 10 मिनट बाद मंच पर बीजेपी महिला मोर्चा की 12 से ज्यादा पदाधिकारी बैठी थीं। इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंद्रप्रभा तिवारी ने महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष नीलम चौबे को थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान मंच पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया।

बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य और पूर्व पार्षद चंद्रप्रभा तिवारी का बीजेपी जिला महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष नीलम चौबे से कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। दोनों महिला नेताओं में कुछ देर बहस हुई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि चंद्रप्रभा तिवारी ने कुर्सी से उठकर हजारों दर्शकों के सामने मंच पर ही नीलम चौबे के पास जाकर उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद वहां पर मौजूद चंद्र प्रभा तिवारी के पति ने बीच बचाव किया। मामले को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया ने कहा कि वीडियो की जांच करवा रहा हूं। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अनुशासनहीनता के लिए दोषी को पार्टी से निलंबित भी किया जा सकता है।