MP : कांग्रेस MLA की फैक्ट्री पर BJP कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़

Vidisha : तोड़फोड़ के साथ गोली भी चलाई, मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी हैं नपा अध्‍यक्ष मुकेश टंडन, कांग्रेस का प्रदर्शन आज

Publish: Jun 26, 2020, 09:02 PM IST

मध्‍य प्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर शाम को भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टण्डन और उनके समर्थकों ने कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के घर और कार्यालय पर जमकर तोडफ़ोड़ की है। विधायक शशांक भार्गव ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन के साथ करीब 150 लोग फैक्ट्री पर पहुंचे थे। हंगामे के समय दो फायर भी किए गए। सूचना के बाद पुलिस भी देरी से पहुंची। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी मुकेश टंडन द्वारा किए गए हमले के खिलाफ कांग्रेस आज प्रदर्शन करेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुरुवार की दोपहर में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी पर प्रदर्शन किया जा रहा था। मीडिया से चर्चा के दौरान शशांक भार्गव की टिप्‍पणी को आपत्तिजनक मानते हुए भाजपा नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन के साथ थाने पहुंचकर कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बात रात को अचानक अनेक भाजपा कार्यकर्ता और नेता कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के कार्यालय और निवास में घुस गए और उन्होंने जमकर तोडफ़ोड़ की। फैक्ट्री में बने ऑफिस के कांच तोड़ दिए गए। परिसर में खड़ी गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचा। उस वक्त विधायक शशांक भार्गव वहीं मौजूद थे। विधायक शशांक भार्गव के निजी सुरक्षा गार्ड अरविंद मिश्रा ने कहा कि भीड़ ने उन पर ईंटों से हमला किया। इस दौरान अंडे भी फेंके गए। विधायक भार्गव का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ के साथ दो फायर भी किए। फैक्ट्री पर हंगामे की जानकारी मिलते ही एसपी विनायक वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। सुरक्षा को देखते हुए विधायक के निवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी विधायक की फैक्ट्री पर पहुंच गए थे।

तोड़फोड़ के बाद भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे थाने

हंगामे के बाद भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान, दिनेश कुशवाह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे। चौहान का आरोप है कि वे फैक्ट्री पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए गए थे। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने उन पर पथराव किया और फायर भी किया जिससे चार कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्होंने सिविल लाइन थाने में विधायक के खिलाफ आवेदन भी दिया है।

तोड़फोड़ में शामिल थे नपाध्यक्ष

विदिशा के कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव ने मीडिया को बताया कि नपाध्यक्ष मुकेश टंडन के साथ करीब 150 लोग फैक्ट्री पर पहुंचे। उन्होंने पत्थर और अंडे फेंके। जिसमें ऑफिस के साथ-साथ बाहर खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। हंगामे के समय दो फायर भी किए गए। सूचना के बाद पुलिस देरी से पहुंची। नपाध्यक्ष सहित भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर करा रहे हैं।