सीएम के वीडियो कॉन्फ्रेंस में म्यूट किया कांग्रेस MLA का माइक, किसानों की मांग उठा रहे थे तरवर सिंह लोधी

संसद में हमारे नेता राहुल गांधी बोलते हैं तो माइक बंद कर दिया जाता है। विधानसभा में किसानों की बात करने पर जीतू पटवारी को निलंबित कर दिया जाता है। और मुख्यमंत्री की वीसी में बंडा के विधायक जब अपने क्षेत्र के किसानों की परेशानी बता रहे थे तो कलेक्टर ने माइक बंद कर दिया: कुणाल चौधरी

Updated: Apr 29, 2023, 05:59 PM IST

भोपाल। ओलावृष्टि के बाद फसलों को हुए नुकसान और मुआवजे को लेकर शिवराज सरकार चौतरफा घिरी हुई है। सीएम चौहान ने शुक्रवार को किसानों को करोड़ों रुपए मुआवजा देने का दावा किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक ने सीएम के इस दावे की जब पोल खोलना शुरू किया तो उनकी माइक बंद कर दी गई।
इस घटनाक्रम पर कांग्रेस के विधायक कुणाल चौधरी ने कलेक्टर को सुधारने की चेतावनी दी है।

दरअसल, शुक्रवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख 48 हजार किसानों के खातों में करीब 160 करोड़ रूपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करने का दावा किया। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सागर जिले की बंड़ा से कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी ने अपने क्षेत्र के किसानों को राहत राशि न पहुंचने का मामला उठाया। हैरानी की बात ये है कि उनकी बात पूरी होने से पहले ही बैठक में मौजूद कलेक्टर ने माइक ऑफ कर दिया। 

बंडा विधायक तरवर सिंह लोधी ने वीडियो जारी कर बताया कि, 'शुक्रवार को सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री ने ओलाप्रभावित किसानों के खातों में पैसे डाले हैं। लेकिन बंडा और देवरी विधानसभा को छोड़ दिया है। क्योंकि दोनों विधानसभाओं में कांग्रेस के विधायक हैं। हमारे यहां शाहगढ़ और बंडा ब्लॉक में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ था। लेकिन हमारे यहां पैसा नहीं डाला गया। जहां कांग्रेस के विधायक हैं वहां भाजपा की सरकार के द्वारा लगातार सौतेला भेदभाव किया जा रहा है। किसानों को भी भाजपा सरकार ने पार्टियों में विभाजित कर दिया। जहां पर कांग्रेस के विधायक हैं वहां पर किसानों को भी कांग्रेस का बना दिया है। कल जब वीसी में मैंने अपने क्षेत्र के किसानों जहां ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है उनकी मांग रखी कि उनके खातों में पैसे डाले जाएं तो मुझे बात नहीं करने दी गई।'

यह भी पढ़ें: षडयंत्र के तहत फैलाई गई गलत खबर, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने पैरालिसिस अटैक की खबरों का किया खंडन

मामले पर कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कुणाल चौधरी ने कहा, 'संसद में हमारे नेता राहुल गांधी बोलते हैं तो माइक बंद कर दिया जाता है। विधानसभा में किसानों की बात करने पर जीतू पटवारी को निलंबित कर दिया जाता है। और मुख्यमंत्री की वीसी में बंडा के विधायक जब अपने क्षेत्र के किसानों की परेशानी बता रहे थे तो कलेक्टर ने माइक बंद कर दिया। कलेक्टर की इतनी औकात हो गई! जो एक नौकरशाह है। इस तरह की गुलामी की मानसिकता के कलेक्टरों को ठीक करने का काम कांग्रेस पार्टी करेगी। किसान की बात एक विधायक मनोज चावला रतलाम में करते हैं तो उसे जेल भेज दिया जाता। मुख्यमंत्री की वीसी में विधायक को बुलाया। हम तो इसी लिए नहीं जुडते क्योंकि यहां वो किसान के हक की बात नहीं करने देते। हमारे बंडा के विधायक ने वीसी में जब अपनी बात कही तो कलेक्टर ने माइक बंद कर दिया। लोकतंत्र में मुख्यमंत्री जी क्या चाहते हैं। सत्ताएं तो अंग्रेजों की भी नहीं बची, जो आपकी बचेंगी।'