MP में 1 लाख शिक्षक पद खाली, राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव से कहा कि प्रदेश में 1 लाख से ज्यादा शिक्षक पद खाली हैं, लेकिन शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद ही निकाले गए।

Updated: Oct 05, 2026, 04:40 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में पदवृद्धि की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों को अब राहुल गांधी का समर्थन मिला है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग उठाई है। 29 सितंबर को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली हैं, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

राहुल गांधी ने पत्र में दावा किया कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों की तुलना में भर्ती के लिए तय पदों की संख्या कम होने से बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी नौकरी से वंचित रह जा रहे हैं।

पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि कई युवा शिक्षक भर्ती परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं और कुछ अभ्यर्थी अतिथि शिक्षक के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं। सीमित पदों के कारण उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही है। वहीं, इंतजार करते-करते कई अभ्यर्थी निर्धारित आयु सीमा के करीब पहुंच गए हैं।

राहुल गांधी ने शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन और भूख हड़ताल का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए अभ्यर्थियों को आंदोलन और भूख हड़ताल का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें नोटिस भेजकर डराने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आंदोलनरत अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लेने और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि करने के साथ ही दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की है।