इस बार बिकाऊ नहीं, टिकाऊ माल आएगा: दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कसा तंज

कांग्रेस के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस बार निश्चित ही मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाएगी, इस दौरान उन्होंने सिंधिया का नाम लिए बगैर कहा कि इस बार बिकाऊ नहीं, टिकाऊ माल आएगा।

Updated: Feb 20, 2023, 01:54 PM IST

हरदा। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि इस बार निश्चित ही मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी। सिंह ने इस दौरान सिंधिया का नाम लिए बगैर कहा कि इस बार बिकाऊ नहीं, टिकाऊ माल आएगा।

दिग्विजय सिंह ने ये सारी बातें रविवार देर शाम हरदा जिले के टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सोडलपुर में कही। यहां उन्होंने कांग्रेस मंडलम के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर टिप्स दिए। पूर्व सीएम ने पदाधिकारियों को सारे मतभेद भुलाकर पार्टी की जीत को लेकर मंत्र दिया। कार्यकर्ताओं को एकता का मंत्र बताते हुए दिग्विजय सिंह ने मंच से कहा कि जनता हमको चाहती है, लेकिन हमारा संगठन मजबूत न होने से हम चुनाव हार जाते हैं। दरअसल, इस सीट पर बीते चार विधानसभा चुनावों से कांग्रेस को हार मिल रही है।

यह भी पढ़ें: इंदौर से जयपुर जा रहे इंडिगो विमान में खराबी, डेढ़ घंटे के लंबे इंतज़ार के बाद उड़ान रद्द

मीडिया से चर्चा मे दिग्विजय सिंह ने कहा की इस बार कांग्रेस चुनाव जीतेगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम नहीं लिए बिना उन पर तंज कसा कि इस बार बिकाऊ नहीं टिकाऊ माल आएगा। दिग्विजय सिंह ने पार्टी में मुख्यमंत्री पद की रेस को लेकर कयासबाजियों पर विराम लगाते हुए ये भी साफ किया कि कमलनाथ ही विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के चेहरे होंगे। सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस पार्टी कमलनाथ के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में सरकार बनाएगी।

प्रदेश में निकाली जा रही बीजेपी की विकास यात्रा को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि विकास यात्रा के नाम पर जनता के पैसों की बर्बादी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए शासकीय पैसों का दुरुपयोग कर बीजेपी विकास यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा में शामिल होने को लेकर लोगों को डराया धमकाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: मोदी जी में ज़रा भी ईमानदारी है तो अपने परम मित्र के महाघोटालों पर रेड करें: रायपुर में ED रेड पर बरसे खड़गे

बता दें कि मध्य प्रदेश में इस साल के आखिरी महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव से पहले प्रमुख राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गयी हैं। बीजेपी जनता को लुभाने के लिए प्रदेशभर में विकास यात्रा निकाल रही है तो कांग्रेस ने भी अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस हाईकमान ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है। प्रदेश में दिग्विजय सिंह ने ताबड़तोड़ दौरे शुरू कर दिए हैं।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक चुनाव पूर्व दिग्विजय सिंह 230 सीटों के विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर संगठन को मजबूत बनाएंगे। 17 फरवरी से दिग्विजय सिंह का विधानसभा वार अभियान शुरू हो चुका है। दिग्विजय सिंह के दफ्तर से मिली जानकारी के मुताबिक शुरुआती 2 महीने में दिग्विजय सिंह 65 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर कांग्रेस के लिए जमीन मजबूत करेंगे। ये 65 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां पर कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है।