Digvijaya Singh: चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले अफसरों पर कार्रवाई हो
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उपचुनाव वाली सभी 28 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत का दावा किया

भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश में उपचुनाव के दौरान चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले सभी अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने
प्रदेश में उपचुनाव वाली सभी 28 सीटों पर कांग्रेस की जीत का दावा भी किया है।
दिग्विजय सिंह ने आज भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने सभी संवेदनशील जगहों की सूची चुनाव से पहले ही आयोग को दे दी थी। सुमावली, मुंगावली और मेहगांव के इलाके में गड़बड़ी की आशंका के बारे में भी आगाह किया था। आखिरकार हमारा अंदेशा सही निकला। मुंगावली में दिन भर गोलियां चलती रहीं। गरीबों और महिलाओं को वोट तक देने से रोका गया।
और पढ़ें: सुमावली उपचुनाव 2020: बीजेपी प्रत्याशी के समर्थकों का महिलाओं से अभद्र व्यवहार, वोट देने से रोका
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हमने इन सभी के ऐसे अधिकारियों के बारे में आयोग को पहले ही बता दिया था जिन पर निष्पक्षता से काम करने की जगह बीजेपी का साथ देने का शक था। दिग्विजय सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि चुनाव आयोग को मतदान के दौरान चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले ऐसे तमाम अधिकारियों के खिलाफ जांच करके कार्रवाई करनी चाहिए।
और पढ़ें: भांडेर उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा के दामाद पर बूथ कैप्चरिंग कराने का आरोप, कांग्रेस ने की दोबारा मतदान की मांग
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कुछ जगहों पर अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक सफल और निष्पक्ष मतदान कराने के अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर पाए।
Live: पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद श्री दिग्विजय सिंह जी पीसीसी मुख्यालय के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता। https://t.co/wbF8Alx0hk
— MP Congress (@INCMP) November 5, 2020
दिग्विजय सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के आब्जर्वर तक इन मामलों में सही कदम नहीं उठा पाए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अगर आयोग ने ध्यान दिया होता तो ये सारी घटनाएं रोकी जा सकती थीं। दिग्विजय सिंह ने अपने कर्तव्यों का पालन न करने वाले तमाम अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
और पढ़ें : MP By Elections: मुरैना के सुमावली में मतदान के दौरान फायरिंग, 2 घायल
हालांकि इन गड़बड़ियों के बावजूद दिग्विजय सिंह ने उपचुनाव वाली सभी 28 सीटों पर कांग्रेस की जीत का भरोसा जाहिर किया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस समय विधानसभा में 229 सीटें हैं, जिनमें 87 कांग्रेस के पास हैं। बहुमत के लिए ज़रूरी 115 सीटें हासिल करने के लिए कांग्रेस को 28 और सीटें चाहिए और कांग्रेस सभी सीटों पर जीत दर्ज करके यह लक्ष्यय हासिल कर लेगी।