असम में राहुल गांधी की यात्रा रोकने के खिलाफ भोपाल में कांग्रेस का सत्याग्रह, मौन धरने पर बैठे दिग्विजय सिंह

भारत जोड़ो न्याय यात्रा को असम में रोके जाने के खिलाफ़ देशभर में गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन कर रही है कांग्रेस, भोपाल में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की अगुवाई में कांग्रेस ने किया मौन धरना

Updated: Jan 23, 2024, 03:48 PM IST

भोपाल। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में असम की भाजपा सरकार द्वारा लगातार विघ्न डालने की कोशिशें की जा रही है। मंगलवार सुबह यात्रा गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। इसके पहले सोमवार को राहुल गांधी को मंदिर में प्रवेश की इजाजत नहीं दी गई थी। असम सरकार के इस व्यवहार के विरुद्ध कांग्रेस आज देशभर में सत्याग्रह कर रही है।

मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला। मंगलवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता व कार्यकर्ता भोपाल में मौन सत्याग्रह पर बैठे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक आरिफ मसूद, महीला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

बता दें कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा मंगलवार को गुवाहाटी पहुंची थी, जहां असम पुलिस ने उन्हें रोक दिया। राहुल अपने काफिले के साथ गुवाहाटी शहर में जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था का हवाला देते हुए इसकी इजाजत नहीं दी। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी हुई।

इसी दौरान असम पुलिस ने जब लाठीचार्ज शुरू किया तो कांग्रेसजन से लेकर स्थानीय लोग तक भड़क गए और उन्होंने बैरिकेडिंग उखाड़कर फेंक दिया। इसे लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमारी संयम को हमारी मजबूरी न समझें, कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बब्बर शेर है। राहुल गांधी ने ये भी कहा कि हमने सिर्फ बैरिकेडिंग तोड़ा है, कानून नहीं तोड़ा। हम उसी रास्ते से जाएंगे जहां से हमें अनुमति दी गई है।