मंदसौर जिले में कुएं में मिला मगरमच्छ, 35 बच्चे और तीन अंडे भी मिले

मंदसौर वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ और उसके बच्चों को चंबल नदी में छोड़ा।

Updated: Jun 29, 2023, 12:45 PM IST

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव के कुएं में मगरमच्छ पाया गया। मगरमच्छ के साथ 35 बच्चे और 3 अंडे भी बरामद किए गए हैं। वन विभाग की टीम ने सभी को रेस्क्यू कर चंबल नदी में छोड़ दिया है।

मामला नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के तुमड़ी गांव का है। यहां बुधवार सुबह एक कुएं में करीब 11 फीट लंबे मगरमच्छ को देख गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पहुंची और रेस्क्यू कर मगरमच्छ को कुएं से बाहर निकालकर पिंजरे में कैद किया। यह मादा मगरमच्छ है।

वहीं, कुएं के बाहर से 35 बच्चे एवं तीन अंडे भी वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित तरीके से पकड़े। इसके बाद मादा मगरमच्छ एवं सभी बच्चों को चंबल नदी में छोड़ा गया। ग्राम तुमड़ी में जिस कुएं से मगरमच्छ को पकड़ा गया है, वह कुआं रेतम नदी के समीप ही है। बताया जा रहा है मादा मगरमच्छ ने कुएं के समीप अंडे दिए थे, इसमें से बच्चे भी निकलने लगे थे। इसी बीच मगरमच्छ कुएं में गिर गया था।

वनपाल पुष्कर मालवीय ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि ग्राम तुमड़ी में वालसिंह के खाली कुएं में मगरमच्छ है, विभाग की टीम मौके पर पहुंची एवं मगरमच्छ को रेस्क्यू कर आधे घंटे में बाहर निकाला गया। इस दौरान टीम ने कुएं के आसपास के खेतों से मगरमच्छ के 35 बच्चे एवं तीन अंडे बरामद किए। वन विभाग की टीम ने सभी को पिंजरे में किया और फिर चंबल नदी में छोड़ने के लिए ले जाया गया।