हमारे नेता के सामने दिल्ली भी नतमस्तक है, शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय का बड़ा बयान

इस दुनिया ने हमारी बहुत परीक्षा ली। 2023 के चुनाव में कई उंगलियां उठीं, लोगों ने कहा चुनाव जीतना मुश्किल है, लेकिन आपने बुद्धिजीवियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया है।

Updated: Jun 22, 2024, 12:13 PM IST

सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सांसद व केंद्रीय मंत्री बनने के बाद सीहोर जिले का बुधनी विधानसभा सीट रिक्त हो गया है। ऐसे में जल्द ही यहां उपचुनाव भी होगा। शिवराज सिंह चौहान अपने बेटे कार्तिकेय को इस सीट से चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं। कार्तिकेय ने विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करना भी शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने एक बयान दिया जिसकी खूब चर्चा हो रही है।

बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भेरूंदा में आयोजित कार्यकर्ता आभार सम्मेलन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान और उनकी माता साधना सिंह शामिल हुईं। कार्यक्रम में BJP जिला अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कार्तिकेय सिंह ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र की जनता ने डेढ़ लाख वोटों से जीत दर्ज कराई है। अपने लगातार अपना आशीर्वाद अपने नेता को दिया है। क्षेत्र की जनता ने छह बार शिवराज जी को बुधनी विधानसभा से विधायक बनाया है, वह एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिनका चुनाव क्षेत्र की जनता लड़ती है। मैं आपके चरणों में नमन करता हूं।

कार्तिकेय ने आगे कहा कि शिवराज जी मुख्यमंत्री थे तो CM के तौर पर दिल्ली जाते थे, लेकिन अब वे CM नहीं हैं तो और लोकप्रिय हो गए हैं। वे बड़ी जीत के साथ दिल्ली गए हैं। आज दिल्ली भी उनके सामने नतमस्तक है। पूरा दिल्ली उन्हें पहचानता है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के बड़े नेताओं में उनकी गिनती होती हैं। ये सब आपके द्वारा ही संभव हुआ है।
कार्तिकेय का यह बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कार्तिकेय चौहान ने आगे बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस दुनिया ने हमारी बहुत परीक्षा ली। 2023 के चुनाव में कई उंगलियां उठीं, लेकिन आपने बुद्धिजीवियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया है। हम सब अनेकों जिस्म और एक जान हैं। 2023 में लोगों ने कहा कि सरकार बनाना मुश्किल है। लेकिन ऐसे विपक्षी और बुद्धिजीवियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम प्रदेश की जनता ने किया।