भोपाल में आज भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन, दशहरा मैदान में जुटे हजारों कार्यकर्ता, चंद्रशेखर रावण भरेंगे हुंकार

प्रदेश भर से भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात में ही भोपाल पहुंच गए थे। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील आस्तेय ने दावा किया कि इस शक्ति प्रदर्शन में 5 लाख लोग शामिल होंगे।

Publish: Feb 12, 2023, 05:32 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। इस जनसभा को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विनय रतन सिंह संबोधित करेंगे। प्रदेश भर से भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात में ही भोपाल पहुंच गए हैं।

शनिवार देर शाम से ही भेल दशहरा मैदान पर कार्यकर्ताओं का जमघट शुरू हो गया था। भोपाल में पहली बार भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी का इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार आस्तेय ने दावा किया कि इस शक्ति प्रदर्शन में 5 लाख लोग शामिल होंगे। OBC नेता प्रीतम लोधी, व्यापम कांड के व्हिसिल ब्लोअर डॉ. आनंद राय भी इसमें शामिल हो रहे हैं। 

मध्य प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस लिहाज से आज का शक्ति प्रदर्शन काफी अहम माना जा रहा है। बता दें कि करणी सेना के आंदोलन के दौरान ही भीम आर्मी ने ऐलान किया था कि भीम आर्मी ने ऐलान किया है कि अगले महीने भोपाल के दशहरा मैदान में चंद्रशेखर रावण आरक्षण के समर्थन में ऐतिहासिक रैली करेंगे।

भीम आर्मी के सुनील अस्तेय ने कहा था कि, '12 फरवरी 2023 को संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में हमलोग आरक्षण के समर्थन में भोपाल को नीला करेंगे। 15 फीसदी सवर्णों पर 85 फीसदी बहुजन भारी थे और रहेंगे। जब जब इस देश का बहुजन समाज एक हुआ है, हमारी जीत हुई है। चाहे वह आजादी की लड़ाई हो चाहे एट्रोसिटी एक्ट की लड़ाई हो। हमने हर लड़ाई को जीता है। 2 अप्रैल के दिन पूरे देश में हमने दिखा दिया की हमारा समाज कितना बड़ा है। 12 फरवरी को एक बार फिर दुनिया बहुजनों की ताकत देखेगी।'