दिग्विजय सिंह का 76वां जन्मदिन, प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया मानव सेवा दिवस

राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानव सेवा दिवस के रूप में मनाया पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का जन्मदिन, मुंगावली में किया गया 101 यूनिट रक्तदान, भोपाल में हजारों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

Updated: Feb 28, 2023, 04:32 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का आज 28 फरवरी को जन्मदिन है। व्यक्तिगत कारणों से सिंह अपना जन्मदिन नहीं मनाते हैं। हालांकि, मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर सिंह का जन्मदिन मनाया गया। राज्यभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे "मानव सेवा दिवस" के रूप में मनाया। इस मौके पर राज्यभर में कांग्रेस नेताओं ने रक्तदान शिविर लगाए। वहीं, कई जगहों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। 

भोपाल में हजारों मरीजों का हुआ निशुल्क इलाज

राजधानी भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा व अन्य ने केक काटकर धूमधाम से पूर्व सीएम का जन्मदिन मनाया। इस मौके पर सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर पिछले 1 हफ्ते से डीबीएस एडवांस डेंटल क्लिनिक द्वारा भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है। डॉ साहिब अली के नेतृत्व में मंगलवार को शहनाई गार्डन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 1000 से अधिक मरीजों का निशुल्क परीक्षण और जांच किया गया एवं दवाइयां वितरित की गई। इन शिविरों में शामिल होकर बड़ी संख्या में डॉक्टरों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी। 

अशोकनगर में 101 यूनिट रक्तदान

अशोकनगर में सिंह के जन्मदिवस पर "रितेश जैन आजाद हेल्प क्लब" द्वारा रक्तदान शिविर लगाया गया जहां 101 यूनिट रक्तदान किया गया। यहां आर जे हेल्प क्लब ने दो चरणों में सिंह का जन्म दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत में दिग्विजय सिंह के समकक्ष रहे अशोकनगर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं का सम्मान किया गया। तत्पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जैन चैरिटेबल पॉलीक्लिनिक इंदिरा पार्क में 101 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान कांग्रेस नेता रमेश नायक ने बताया कि दिग्विजय सिंह किसी भी दिखावे और आडंबर से परहेज करते हैं। लोगों की सेवा ही उनका ध्येय है। हमसब उनसे प्रेरणा लेकर उनके जन्मदिन को "मानव सेवा दिवस" के रूप में मना रहे हैं। 

उधर डिंडोरी जिले के विक्रमपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विक्रमपुर के अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय डिंडोरी जाकर रक्तदान किया। गुप्ता ने बताया कि "दिग्विजय सिंह फैंस क्लब" के बैनर तले विक्रमपुर में लगातार सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। सिंह के जन्मदिन के मौके पर क्षेत्र के युवाओं ने आज सेवा और समर्पण दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के दीर्घायु जीवन की कामना के साथ हम जरूरतमंदों का हर संभव मदद करने के लिए संकल्पित हैं। 

नरसिंहपुर के कुंवर कोटरी गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा श्री सद्गुरू आश्रम पर मरीजों के बीच फल वितरित किए गए। इस दौरान कांग्रेस नेता ज्ञान सिंह मीणा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने अपना जीवन वंचितों और पिछड़ों की सेवा में लगाया है और आज भी वे राज्य के लोगों की निस्वार्थ सेवा में जुटे रहते हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर मरीजों की सेवा करने से अच्छा क्या हो सकता है। हम ईश्वर से कामना करते हैं कि वह हमारे नेता दिग्विजय सिंह को दीर्घायु बनाएं और हमें जनता की सेवा करने का हौसला दें। इसी तरह राजधानी भोपाल के भी कई अस्पतालों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फल वितरित किया। 

सिंह के जन्मदिवस के मौके पर कई जगहों पर धार्मिक आयोजन भी किए गए। राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में आज भजन संध्या का आयोजन किया गया है।

यहां कांग्रेस कार्यकताओं ने हनुमान चालीसा के पाठ के साथ राम भजन गाए। उधर सिंह के गृहजिले गुना में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।