वाह रे मामा तेरा खेल, खा गए राशन पी गए तेल, राजगढ़ में CM शिवराज पर बरसे दिग्विजय सिंह

महंगाई के खिलाफ जन जागरण अभियान के तहत राजगढ़ पहुंचे दिग्विजय सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना, बोले- मोदी ने सालभर में जनता के जेब से निकाला साढ़े 3 लाख करोड़ रुपए

Updated: Nov 27, 2021, 02:58 PM IST

Photo Courtesy : Twitter
Photo Courtesy : Twitter

राजगढ़। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम व कांग्रेस आंदोलन आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह जन जागरण अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदयात्रा कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को वे अपने गृहक्षेत्र राजगढ़ पहुंचे। कांग्रेस नेता ने स्थानीय सांसद से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक को खूब खरी–खोटी सुनाई। दिग्विजय सिंह का आरोप है कि देश में बढ़ रही महंगाई आसमानी नहीं है बल्कि यह केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों और टैक्स वसूली का परिणाम है।

दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार देर रात खिलचीपुर विधानसभा के ग्राम पिपलिया कलां में रात्रि विश्राम के बाद सुबह ग्रामीणों के साथ प्रभात फेरी की। यहां जन संवाद के दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हुई। कांग्रेस नेता ने यहां उपस्थित लोगों को बताया कि देश में प्रतिदिन महँगाई केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ रही है। 

गरीबों का गेहूं चोरी करते थे राजगढ़ सांसद: दिग्विजय सिंह

जन जागरण अभियान के दौरान दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि राजगढ़ के मौजूदा सांसद रोडमल नागर सांसद बनने के पहले गरीबों को बांटे जाने वाले पीडीएस के गेहूं की बोरियां चोरी कर बेचते हुए पकड़े गए थे। राज्यसभा सांसद ने कहा, 'बीजेपी को ऐसे ही लोग बेहद पसंद हैं। सीएम शिवराज ने पीडीएस का गेहूं बेचने वाले रोडमल को बुलाया और कार्रवाई करने की बजाए उन्हें सांसद का टिकट दे दिया। बीजेपी में नेता बनने के लिए इसी तरह की योग्यता चाहिए।' उन्होंने सीएम पर व्यंग करते हुए कहा कि वाह रे मामा तेरा खेल, खा गए राशन पी गए तेल।

यह भी पढ़ें: प्रदेश भर में विरोध के बाद बैकफुट पर आए BJP मंत्री, क्षमा याचना करते हुए जारी किया बयान

गरीबों के पैसे से मोदी ने खरीद लिया जहाज: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए उज्ज्वला योजना को झूठा और भ्रामक दावा करार दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि, 'मोदी जी ने प्रचार किया कि फ्री में सिलेंडर देंगे। लेकिन गैस का रेट इतना बढ़ा दिया कि गरीब भरा ही नहीं सकते। उन्होंने कहा, 'पहले 400 रुपए में सिलिंडर आता था, उसका दाम अब हजार रुपए कर दिया है। केंद्र सरकार ने एक साल में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपए आम आदमी के जेब से निकालकर अपने खजाने में डाल लिया। लेकिन ये पैसा कोरोना काल में जब पूरा देश त्राहि- त्राहि कर हा था, तब भी खर्च नहीं हुआ। उल्टा इस पैसे से प्रधानमंत्री ने अपने लिए नया जहाज खरीद लिया।' 

दिग्विजय सिंह यहां से जैतपुरा पहुंचे और जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। जैतपुरा में राघोगढ़ क्षेत्र से विधायक जयवर्धन सिंह, खिलचीपुर विधायक प्रियव्रत सिंह, राजगढ़ विधायक बापू सिंह तंवर, ब्यावरा विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व सांसद नारायण सिंह आमलाबे व अन्य स्थानीय कांग्रेस नेता मौजूद रहे। जैतपुरा से सिंह की पदयात्रा देवपुर, सूरजपुरा, और आभापुर होते हुए गगरौनी पहुंची। गगरौनी में सिंह ने पदयात्रा का समापन हुआ।

यह भी पढ़ें: शिवराज सरकार ने बदला एक और ऐतिहासिक धरोहर का नाम, मिंटो हॉल हुआ कुशाभाऊ ठाकरे स्मृति हॉल

जन संवाद के दौरान दिग्विजय सिंह ने जन जागरण अभियान की प्रासंगिकता भी समझाई। कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरे देश में ये अभियान बढ़ती महँगाई पर अंकुश लगाने के लिए और जनता को जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है। सिंह ने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग महँगाई के खिलाफ चलाये जा रहे कांग्रेस के अभियान में शामिल हों ताकि बेलगाम हो चुकी बीजेपी सरकारों पर नकेल कसी जा सके। उन्होंने लोगों को जन जागरण अभियान से जुड़ने के लिए टोल फ्री नम्बर 1800212000011 पर मिस्ड कॉल देने व इस अभियान से जुड़ने की पूरी प्रक्रिया भी समझाई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ भी रहे हैं और समर्थन में यात्राएं भी कर रहे हैं।