महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान, बैरसिया में दिग्विजय सिंह के पैदल मार्च में दिखा जबरदस्त उत्साह
भोपाल लोकसभा क्षेत्र के आखिरी छोर गनाखेड़ी से दिग्विजय सिंह ने शुरू की थी पदयात्रा, तकरीबन 11 किलोमीटर पैदल मार्च के बाद देवपुरा में हुआ समापन

भोपाल। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के जनजागरण अभियान के तहत कांग्रेस नेता गांव-गांव, शहर-शहर पदयात्रा कर रहे हैं। इधर मध्य प्रदेश में खुद AICC आंदोलन योजना समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह मोर्चे पर उतरे हुए हैं। आदिवासी बाहुल्य मंडला में जन जागरण के बाद राज्यसभा सांसद आज अपने लोकसभा क्षेत्र भोपाल के सुदूर ग्रामीण इलाकों में जनता के बीच संपर्क अभियान पर थे।
दिग्विजय सिंह की पदयात्रा बुधवार सुबह करीब 11 बजे भोपाल लोकसभा के आखिरी छोर गनाखेड़ी से शुरू होकर मजिदगढ़, रावतपुर होते हुए देवपुरा पहुंची। करीब 10-11 किलोमीटर का यह पैदल मार्च का रावतपुर में दर्शन के बाद समापन हुआ। चूंकि यह सिंह का चुनावी क्षेत्र भी है, यहां लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस पदयात्रा में स्थानीय पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शामिल हुईं। युवाओं के बीच भी इस यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। बच्चे, बूढ़े और महिलाएँ सब बेहिसाब महंगाई के खिलाफ शुरू किए गए इस अभियान से जुड़ने को आतुर दिखे।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह जनता से संवाद करते दिखे और उनकी समस्याओं को जाना। इस इलाके के ग्रामीणों ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी समस्या विस्थापन है। टेम नदी पर बन रहे डैम के कारण प्रशासन उन्हें जबरण विस्थापित करने पर तुली हुई है। इसके लिए सरकार ने उनके पट्टे की मान्यता को खारिज कर दिया है। यहां तक कि उन्हें मुआवजे की राशि भी नहीं दी गई है। सिंह ने यहां ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके इस संघर्ष में वे पूरा सहयोग देंगे और हरसंभव मदद का प्रयास करेंगे।
दरअसल, सोमवार से कांग्रेस ने महंगाई के विरुद्ध देशभर में मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत देशभर में कांग्रेस नेता जन जागरण करेंगे और लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। कांग्रेस के सभी नेताओं को कम से कम सात दिनों का पैदल मार्च करने को कहा गया है। खास बात यह है कि पद यात्रा प्रतिदिन जहां समाप्त होगी वहीं नेताओं को रात में भी रुकना होगा और जनसमस्याओं को समझना होगा तथा केंद्र की विफल नीतियों के संबंध में लोगों को जागरूक करना होगा। यह अभियान देश भर में 29 नवंबर तक जारी रहेगा।
राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी ने आज जन जागरण अभियान के अंतर्गत भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में 10 किलोमीटर की पद यात्रा की एवं उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। @digvijaya_28 #जन_जागरण_अभियान pic.twitter.com/bruVXM98Od
— MP Congress (@INCMP) November 17, 2021
इस अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी दिग्विजय सिंह ने एक टोल फ्री नंबर जारी किया है। उन्होंने बताया है कि अभियान के साथ जुड़ने के लिए 1800212000011 पर मिस्ड कॉल करें। इसके बाद आपके पास मेसेज के माध्यम से एक लिंक आएगा। अपनी सुविधानुसार हिंदी या अंग्रेज़ी में दिए लिंक पर क्लिक करें और फ़ोन पर फ़ॉर्म भरकर आप महंगाई के ख़िलाफ़ अभियान से जुड़ सकेंगे।
एसएमएस पर आए लिंक पर क्लिक करने पर कुछ ऐसा फ़ॉर्म खुलेगा। इस फ़ॉर्म में अपना नाम लिखें और दाहिनी तरफ़ लिखे “confirm” पर क्लिक करें। आगे आपको अपने प्रदेश और सहयोग का संदेश भी मिलेगा। क्लिक करके आप महंगाई के ख़िलाफ़ देशव्यापी अभियान से जुड़ सकेंगे। https://t.co/0MnDVoI69r pic.twitter.com/WY9dL3B1EX
— digvijaya singh (@digvijaya_28) November 17, 2021
उन्होंने लिंक को क्लिक करने पर जो फ़ॉर्म खुलेगा उसकी तस्वीर भी साझा की है। उन्होंने बताया है कि इस फ़ॉर्म में अपना नाम लिखें और दाहिनी तरफ़ लिखे “confirm” पर क्लिक करें। इसके बाद आपको अपने प्रदेश और सहयोग का संदेश भी मिलेगा। इस तरह फॉर्म भरके आप महंगाई के ख़िलाफ़ देशव्यापी अभियान से जुड़ सकेंगे।