पहले आपको सुनता था, तो गर्व होता था… अब दया आती है, सिंधिया पर बरसे कांग्रेस नेता अरुण यादव

अरूण यादव ने सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि कुर्सी बचाने के लिए "चरण-वंदना" जरूर कीजिए। हर हाल में कीजिए। करते ही रहिए। क्योंकि, यही आपकी विवशता है।

Updated: Apr 21, 2024, 03:46 PM IST

भोपाल। लोकसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी बयानबाजियों का दौर जारी है। कुछ वर्ष पूर्व कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के सीनियर नेताओं पर हमलावर हैं। अब कांग्रेस की ओर से अरुण यादव ने सिंधिया पर करारा हमला बोला है।

अरूण यादव ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'प्रिय ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, पहले आपको सुनता था, तो - गर्व होता था। फिर हंसी आने लगी। फिर शर्म भी आने लगी। अब तो दया ही आ जाती है। क्या बोल रहे हैं? कहां बोल रहे हैं? कैसे बोल रहे हैं? क्यों बोल रहे हैं? कब बोल रहे हैं? किसके लिए बोल रहे हैं? क्या बोलने से पहले सोच रहे हैं? कुर्सी बचाने के लिए "चरण-वंदना" जरूर कीजिए। हर हाल में कीजिए। करते ही रहिए। क्योंकि, यही आपकी विवशता है। अब यही आपका धर्म है। इसलिए, करना ही पड़ेगा।' 

अरूण यादव आगे लिखते हैं, 'चिंता बस यह है कि "स्तुति-गान" करते-करते जब आप भावुक हो जाते हैं, तब बहक जाते हैं! जिस चेहरे को 2014 में लोग देखना चाहते थे, उसे चेहरे को 2024 में धिक्कार रहे हैं। कर्ज, गरीबी और बेरोजगारी के लिए जो चेहरा सीधे तौर पर अपराधी है, आप उसका झूठा आभामंडल पूरी दुनिया में बता रहे हैं! जिसे देश स्वीकार नहीं कर रहा, दुनिया क्यों करेगी। फिर भी यदि भाजपा के मतलबियों के बीच मजबूर हो गए हैं, तो भक्ति गीत-संगीत का सहारा जरूर लें। लेकिन, ऐसा आलाप लेकर एकांत को ही उपकृत करें। कृपा करें।'