सागर में जहरीली शराब से 1 और मौत, पंचायत सचिव ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, 33 हुई मृतकों की संख्या
सागर में जहरीली शराब पीने से पंचायत सचिव अजय लोधी की मौत हो गई। इसके साथ ही मरने वालों का आंकड़ा 33 पहुंच गया है।
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंडा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुडारी बुजुर्ग में पदस्थ पंचायत सचिव अजय लोधी (30) की शुक्रवार को बीएमसी सागर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जहरीली शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अजय की मौत के साथ ही जिले में इस मामले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।
अजय लोधी स्वर्गीय गनपत सिंह लोधी के बेटे थे। परिजनों के अनुसार, उनके पिता की मृत्यु के बाद कुछ साल पहले अजय को अनुकंपा के आधार पर पंचायत सचिव की नौकरी मिली थी। जहरीली शराब पीने के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएमसी के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उनकी जान चली गई।
यह भी पढ़ें:MP: ग्वालियर में छात्रों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग, ड्राइवर को लगी गोली
इस मामले में 5 सितंबर से जहरीली शराब से प्रभावित लोगों को बीएमसी में भर्ती कराने का सिलसिला शुरू हुआ था। इसके बाद से लगातार मौतें सामने आ रही हैं। अब तक 33 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में बड़ी संख्या 25 से 38 वर्ष की उम्र के युवाओं की बताई जा रही है। इस घटना में एक महिला की भी मौत हुई है। वहीं, करीब एक दर्जन प्रभावित लोगों का अभी बीएमसी के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
जहरीली शराब मामले के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ अवैध निर्माण और कब्जों पर भी प्रशासन का अभियान जारी है। इस दौरान अवैध शराब से जुड़े आरोपियों के मकानों को गिराने के साथ सरकारी जमीन से कब्जे हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें:MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
इसी कड़ी में शराब तैयार करने का कथित फार्मूला उपलब्ध कराने के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए बीएमसी सागर में भर्ती कराया गया है। जहरीली शराब से लगातार हो रही मौतों के बीच अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति और अवैध शराब के स्रोत की जांच पर पुलिस की कार्रवाई जारी है।




