ऑनलाइन मोबाइल गेम में पैसा हारने पर भेल कर्मी ने लगाई फांसी

ऑनलाइन गेम के विज्ञापन का शिकार हो गया था कर्मचारी।

Updated: Feb 21, 2023, 01:40 PM IST

भोपाल। ऑनलाइन मोबाइल गेम अब लोगों के लिए जान लेवा साबित होने लगा है। ताज़ा मामला राजधानी भोपाल का है। यहां भी ऑनलाइन विज्ञापन को देखकर ऑनलाइन रमी खेलने की लत में भेल के कर्मचारी ने फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि उसके उपर काफ़ी कर्ज हो गया था। 

दरअसल, घटना अवधपुरी इलाके की है। मृतक का नाम लोकेश्वर शाहू बताया जा रहा है। वह (BHEL) भारत हैवी इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड में आर्टिसन के पद पर कार्यरत था। मृतक अपनी पत्नी और ढाई साल के बेटे के साथ रहता था, पत्नी और बच्चा कुछ दिन के लिए ओडिशा चले गए थे। इसी दौरान लोकेश्वर शाहू ने ऑनलाइन विज्ञापन को देखकर ऑनलाइन रमी खेलना शुरू किया और इस खेलने की लत में आर्टिसन पर काफ़ी कर्ज चढ़ गया और जब दूसरा कोई रास्ता कर्मचारी को नहीं सूझा तो उसने फांसी के फंदे पर लटकर अपनी जान दे दी।  

पुलिस के मुताबिक मृतक के पास सुसाइड नोट मिला है, जिसमें ऑनलाइन रमी में बड़ी रकम हारने और कर्ज में डूबने का जिक्र है। पुलिस ने मर्ग कायम मामले को जांच में ले लिया है।

कर्मचारी के दोस्त सुजीत कुमार मलिक ने पुलिस को बताया कि पिता को कैंसर था। और पिता को खून की जरुरत थी इसके लिए लोकेश्वर ने रविवार को सुजीत से खून के लिए बात की थी। सोमवार दोपहर में सुजीत ने लोकेश्वर को फ़ोन किया तो लोकेश्वर की तरफ़ से कोई ज़वाब नहीं मिला, तो लोकेश्वर के घर पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि घर के दरवाजे खुले थे और अंदर लोकेश्वर का शव फांसी के फंदे पर लटका था। पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है।