जबलपुर की खमरिया ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में धमाका, 2 कर्मचारियों की मौत, 9 गंभीर रूप से घायल

बताया जा रहा है कि एफ 6 सेक्शन के एरियल बम में धमाका हुआ। हादसा इतना भयानक था कि बिल्डिंग भी धराशायी हो गई। मलबे में कई कर्मचारियों के दबे होने की आशंका है।

Updated: Oct 22, 2024, 11:53 AM IST

जबलपुर। जबलपुर में केंद्रीय सुरक्षा संस्थान आयुध निर्माणी खमरिया में मंगलवार सुबह भीषण धमाका हो गया। इस धमाके में कई कर्मचारियों के झुलसने की सूचना है। बताया जा रहा है कि दो कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि 9 गंभीर रूप से घायल हैं।

ब्लास्ट फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन के बिल्डिंग नंबर 200 में हुआ है। फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन में बम फिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक ही ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि 5 किलोमीटर तक आवाज सुनाई दी। 

हादसा इतना भयानक था कि बिल्डिंग भी धराशायी हो गई। मलबे में कई कर्मचारी दबे होने की भी आशंका है। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन बचाव कार्य में जुट गया है।

बता दें कि जबलपुर में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय की एक बड़ी फैक्ट्री है, जिसे ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया के नाम से जाना जाता है। इस फैक्ट्री में सेना के उपयोग में आने वाले कई हथियार बनाए जाते हैं। यहीं पर लड़ाकू विमान के लिए और युद्ध टैंकों के लिए बम बनाए जाते हैं। इन बमों को बनाने में बम की खाली सेल के अंदर बारूद भरनी होती है और इस बारूद में जरा से घर्षण में ही आग लग जाती है और ब्लास्ट हो जाता है।