जबलपुर में चुनावी रंजिश को लेकर भीषण गोलीबारी, भाजपा नेता की मौत और 10 लोग घायल

जबलपुर शहर से सटे लोहारी गांव में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में बीजेपी नेता की मौत हो गई। गोलीबारी में 8 से 10 लोग घायल हो गए हैं। मौके पर भारी फोर्स तैनात किया गया है।

Updated: Mar 13, 2023, 12:53 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रंगपंचमी पर्व के दिन खून की होली खेली गई। दरअसल, चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में भीषण गोलीबारी हुई। इसमें भाजपा के एक नेता की मौत हो गई जबकि करीब 10 लोग घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, कटंगी थाना क्षेत्र के राधा लोहारी गांव के दो पक्षों में पंचायती चुनाव को लेकर रंजिश चली आ रही है। रंगपंचमी के मौके पर भाजपा नेता एवं सरपंच के पिता कंचन यादव कुछ लोगों के साथ गांव में मिलन समारोह में पहुंचे थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात लोहारी सरपंच राहुल यादव अपने पिता कंचन यादव, एवं रघुराज यादव के साथ वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी राधा लोहारी गांव के रहने वाले सानंद सिंह, आनंद सिंह, सर्वेश सिंह एवं आयुष सिंह ने अपने 7 से 8 साथियों के साथ मिलकर भाजपा नेता कंचन यादव पर ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें: MP में केरल के छात्रों से मारपीट मामले में यूनिवर्सिटी ने गठित की कमेटी, छात्रों के बचाव में आए राहुल गांधी

बताया जा रहा है कि गोलीबारी के जवाब में सरपंच की तरफ से भी ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से भाजपा नेता एवं सरपंच के पिता कंचन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूरे घटनाक्रम में करीब 8 से 10 लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे रघुराज यादव ने बताया कि कुछ दिनों पहले लोहारी सरपंच ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर करोड़ो रुपयों की करीब 52 एकड़ भूमि भू-माफिया के कब्जे से मुक्त कराई थी। 

रघुराज यादव में मुताबिक इसी बात को लेकर सानंद सिंह, एवं आनंद सिंह सरपंच के परिजनों को मारने की फिराक में घूम रहे थे। कुछ दिनों पहले भी आनंद सिंह के लोगों द्वारा कंचन यादव के समर्थक पर चाकू से हमला किया था। मामले पर पुलिस जांच अधिकारी एनआर सिन्हा ने कहा कि घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच की जा रही है। गांव में पुलिसबल को तैनात किया गया है।