MP की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू, प्रोटेम स्पीकर दिलाएंगे नए विधायकों को शपथ

मध्‍य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। विधानसभा सत्र के दौरान कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बीते दिनों संसद की सुरक्षा में हुई चूक के बाद एमपी पुलिस अलर्ट है।

Updated: Dec 18, 2023, 10:03 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा गठित हो चुकी है। सोमवार से विधानसभा का पहला सत्र शुरू हो रहा है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की प्रक्रिया की पूरी तैयारी कर ली है। आज कार्यकाल शुरू होने से पहले सभी 230 विधायकों की शपथ होगी। यह शपथ प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव दिलाएंगे।

शपथ के बाद विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन भी होगा। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ 163 सीटों के साथ विजय हुई है। कांग्रेस को सिर्फ 66 सीट ही मिली है, जबकि भारत आदिवासी पार्टी से जीतकर एक सदस्य विधानसभा पहुंचे हैं। ऐसे में भाजपा के नरेंद्र सिंह तोमर अध्यक्ष चुने जाएंगे।

इधर, दिल्ली में लोकसभा में घुसपैठ की घटना के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा के सत्र के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सख्ती बरती जा रही है। विधायक सिर्फ एक ही गेस्ट पास जारी कर पाएंगे। यह सत्र 18 दिसंबर (सोमवार) से 21 दिसंबर (गुरुवार) तक चलेगा। 

सत्र के पहले और दूसरे दिन विधानसभा सदस्यों की शपथ होगी। तीसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन और राज्यपाल का अभिभाषण होगा। विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक एकजुटता का संदेश देंगे। कांग्रेस दफ्तर से विधानसभा के लिए कांग्रेस विधायक एक साथ निकलेंगे।