मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री भारत सिंह का निधन, कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर
भारत सिंह तत्कालीन कांग्रेस सीएम अर्जुन सिंह के कार्यकाल में गृह एवं उद्योग मंत्री रहे हैं। उनके निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व गृह मंत्री भारत सिंह का निधन हो गया है। भारत सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने 80 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली। भारत सिंह के निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
भारत सिंह का जन्म 8 जून 1944 हुआ था। उन्होंने 6 दिसंबर 2024 को 80 साल की उम्र में रतलाम जिले के जावरा में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और रतलाम में उनका इलाज हो रहा था।
भारत सिंह कांग्रेस के तत्कालीन सीएम अर्जुन सिंह के कार्यकाल में अविभाजित मध्य प्रदेश के कैबिनेट में मंत्री रहे थे। उनकी अंतिम यात्रा कल (शनिवार) को उनके निवास स्थान गढ़ी से सुबह 10.30 बजे ईदगाह के पीछे पारिवारिक मुक्तिधाम में जाएगी। तब तक उनके पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
भारत सिंह एक साथ 7 विभागों के एक साथ मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 1981 से 90 के दौर में जब मंत्री रहे तो शासन से लेकर प्रशासन में इनकी कार्यकुशलता व ईमानदार नेतृत्व का हर कोई कायल था। पार्टी के सीनियर नेता तक भी कभी इनकी बात नहीं काटते थे। पार्टी में केंद्रीय नेतृत्व तक सिंह की अच्छी साख थी।
भारत सिंह अपने राजनीतिक जीवन में जमीनी साथियों को भी बराबर महत्व देते रहे। वह शूटिंग चैंपियन, फुटबॉल व हॉकी के उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं। उन्हें वर्ष 1973 में पार्षदी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। साल 1974 में वह मंडी डायरेक्टर बने। 1978 में युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष व 1980 में पहली बार विधायक बने।
यह भी पढ़ें: MP: शासकीय अस्पताल में आदिवासी MLA को दवा के बदले मिली गाली, वीडियो वायरल
साल 1982 में खेल एवं युवक कल्याण व वन उपमंत्री व 83 में गृह मंत्री रहे। वर्ष 1985 के दौर में तो एक तरह से आधा मंत्रालय इनके पास था। तब कैबिनेट में गृह एवं परिवहन मंत्री, जेल, उद्योग, श्रम, सहकारिता सहित 7 विभागों के मंत्री रहे।
उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर है। वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा है, 'पूज्य दाऊ सा के परम सहयोगी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश के पूर्व गृह एवं उद्योग मंत्री श्री भारत सिंह जी के निधन का समाचार दुखद है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति।'