कटनी में चार बच्चों की तालाब में डूबने से मौत, गोताखोरों की मदद से पुलिस ने निकाले शव

घर से खेलने जाने का बोलकर तालाब में नहाने चले गए थे बच्चे, अचानक गहरे पानी में पहुंचने से चारों की हुई मौत।

Publish: Aug 14, 2023, 10:47 AM IST

Image courtesy- NBT
Image courtesy- NBT

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में चार बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। रविवार दोपहर स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के नैंगवां गांव के चार बच्चे साइकिल से पिपरिया मार्ग पर बने तालाब में नहाने गए थे। गहरे पानी में चले जाने से चारों बच्चे डूब गए। आस पास के लोगों ने तालाब किनारे बच्चों के कपड़े और साइकिल देखकर घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने चारों बच्चों के शवों को बहार निकाला।


जानकारी के अनुसार घटना रविवार दोपहर की है। यहां नैगवां में रहने वाले चार बच्चों की पानी में डूबकर मौत हो गई। उनकी पहचान शशि प्रताप सिंह 14 वर्ष, सौर्य सिंह 13 वर्ष, मयंक यादव 13 वर्ष, धर्मवीर वंशकार 11वर्ष, के रूप में की गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि रविवार का दिन था। इसलिए मोहल्ले के चारों बच्चे खेलने के लिए निकले। इनके पास दो साइकल भी थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू कराई गई तो बच्चो के कपड़े और साइकल बड़े जलाशय के किनारे मिले। घटना की जानकारी स्लीमनाबाद थाना पुलिस को दी गई। 


मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकलवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कलेक्टर अवि प्रसाद, एसडीएम प्रदीप मिश्रा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्हें 5-5 हजार रुपये की अंत्येष्टि सहायता राशि दी गई। साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रावधान के तहत परिजनों को चार लाख रुपयों की सहायता की राशि स्वीकृत की है।