इंदौर में मानवता शर्मसार, महिला की पिटाई के बाद निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर जिले में एक महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया फिर गांव में घुमाया गया। ऐसा करने वाली भी महिलाएं थी। पुलिस ने चारों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Updated: Mar 27, 2024, 06:33 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की एक महिला के साथ महिलाओं ने ही अत्याचार की तमाम हदें पार कर दी। यहां गांव की ही एक महिला को कुछ महिलाओं ने घर में घुसकर पिटाई की। फिर घर से बाहर निकाला, कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया और उसे पूरे गांव में घुमाया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामला जिले के गौतमपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के निर्मल गांव बाछोड़ाड़ा का है। होली के दिन गौतमपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में गांव की एक महिला लक्ष्मी बाई तीन अन्य महिलाओं के साथ पीड़ित महिला के घर पहुंची और कहा कि उसके सास को वह मंदसौर लेकर क्यों गई थी? लक्ष्मी बाई को संदेह था कि पीड़ित महिला उसकी सास को उसके खिलाफ भड़का रही है और वह उसकी सास को उसे बिना बताए मंदसौर ले गई थी।

इसी बात पर आरोपी महिला लक्ष्मी ने अपनी तीन अन्य महिला साथियों के साथ मिलकर घर में ही पिटाई शुरू कर दी और पीड़िता को सीढ़ियों से घसीटते हुए नीचे ले आई। चारों ने मिलकर महिला के कपड़े तक फाड़ दिए। पाइप और डंडों से पिटाई कर निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया। इसी पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया है।

इस मामले में गौतमपुरा पुलिस द्वारा गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर महिलाओं को गिरफ्तार भी कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भी भेज दिया गया है।समाज को शर्मसार कर देने वाली इस घटना को लेकर इंदौर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने कहा कि पीड़ित महिला को गांव में निर्वस्त्र कर नहीं घुमाया गया है। निर्वस्त्र कर पिटाई जरूर की गई है। पीड़िता की शिकायत पर चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।