कर्नाटक में हम हारे नहीं वो मैथमेटिक्स से जीत गए, शिवराज चौहान ने कार्यकर्ताओं को सिखाया गणित

ये कर्नाटक-फर्नाटक क्या है? ये मध्यप्रदेश है। यहां हम धूमधाम से जीत का रिकॉर्ड बनाएंगे। उनके (कांग्रेस) पास क्या है, हमारे पास नरेंद्र मोदी हैं: शिवराज सिंह चौहान

Updated: May 20, 2023, 12:34 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व शुक्रवार को राजधानी भोपाल में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक में सीएम शिवराज का संबोधन चर्चा का विषय बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने यहां कहा कि भाजपा कर्नाटक में चुनाव नहीं हारी है, बल्की कांग्रेस मैथमेटिक्स से चुनाव जीत गई।

भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने कहा, 'कर्नाटक में बीजेपी को कभी भी 36 फीसदी से ज्यादा वोट नहीं मिले। इस बार भी 36 परसेंट ही मिले हैं। पांच साल पहले 36 परसेंट में 104 सीट मिली थी। इस बार हम हारे नहीं, ये गणित है। हमको हराने के लिए हमारे विरोधी ताकतें एक हो गईं। सबने मिलकर प्रयास किया और जो जेडीएस को वोट मिलने वाला था वह कांग्रेस को मिल गया। कर्नाटक में भी हमारा जनसमर्थन नहीं घटा है।'

सीएम शिवराज का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने वीडियो साझा करते हुए सीएम चौहान पर तंज कसा है। बबेले ने ट्वीट किया, "शिवराज जी बता रहे हैं कि भाजपा कर्नाटक में हारी नहीं है। यह हार नहीं है, गणित है। चिंता मत करिए मामाजी एमपी में जनता और अच्छा गणित का ट्यूशन पढ़ाएगी। वैसे एक गाना याद आ गया: हम पागल नहीं है भैया, हमारा दिमाग़ ख़राब है।"

कार्यसमिति बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये भी कहा कि हमारे पर बहुत तीर हैं। सीएम शिवराज ने नौवें सत्र को संबोधित करते हुए कहा, 'ये कर्नाटक-फर्नाटक क्या है? ये मध्य प्रदेश है। यहां हम धूमधाम से जीत का रिकॉर्ड बनाएंगे। उनके (कांग्रेस) पास क्या है, हमारे पास नरेंद्र मोदी हैं। दिन-रात तपने वाले देवदुर्लभ कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस कहीं से भी हमारा मुकाबला नहीं कर सकती। मेरे तरकश में अभी बहुत से तीर हैं।'

बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों को वर्कप्लान बनाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सांसद अपना वर्कप्लान बनाकर पीएम को देते हैं, उसी तरह विधायक भी अपना कार्यक्रम बनाकर काम करें। सीएम शिवराज ने इस दौरान ऐलान किया कि अब बेटियों की तरह मेरिट में आने वाले बेटों को भी ई-स्कूटी दी जाएगी।