कांग्रेस MLA संजय शुक्ला का लैपटॉप चोरी, मर्सडीज कार का कांच फोड़कर लैपटॉप उड़ा ले गए चोर

पार्किंग में लगी हुई थी गाड़ी, चोरों ने कांच तोड़कर मैकबुक उड़ाया, सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

Updated: Dec 02, 2022, 06:52 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने अबतक आम लोगों को परेशान कर रखा था अब वे जनप्रतिनिधियों को भी नहीं छोड़ रहे। ऐसा ही एक मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र से आया है, जहां अज्ञात बदमाशों ने कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के मार्सडीज कार की कांच फोड़ दी। इतना ही नहीं कार के भीतर रखी एपल कंपनी की मैकबुक भी उड़ा ले गए।

पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थ नगर केशरबाग रोड़ निवासी संजय जैन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संजय जैन विधायक संजय शुक्ला की कार चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे विधायक संजय शुक्ला की मर्सीडिज कार (एमपी 09 ZB 9000) बाणगंगा में दिनेश शुक्ला के बाड़े में खड़ी कर दी थी। 

इस दौरान कार में एपल कंपनी का लैपटॉप (मैकबुक) रखा हुआ था। वे जब सुबह आए तो कार का बीच वाला कांच फूटा मिला। उसमें से लेपटाप गायब था। लैपटॉप में विधायक संजय शुक्ला के जरुरी डॉक्यूमेंट्स मौजूद थे। लैपटॉप चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। 

पुलिस को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया। आसपास तलाश किया गया लेकिन कोई भी जानकारी नहीं मिली। गुरुवार को मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस तकनीकी जांच के लिए साइबर एक्सपर्ट की भी मदद ले रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।