2023 में पता चल जाएगा कि ग्वालियर अंचल कांग्रेस का गढ़ या सिंधिया की बपौती: अजय सिंह

कांग्रेस नेता अजय राहुल सिंह ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ग्वालियर-चंबल संभाग में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी।

Updated: Jun 01, 2023, 09:36 AM IST

शिवपुरी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कड़ा हमला बोला है। अजय सिंह ने कहा है कि 2023 विधानसभा चुनाव में पता चल जाएगा कि ग्वालियर अंचल सिंधिया की बपौती है या कांग्रेस का गढ़ है। राहुल ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी ग्वालियर-चंबल संभाग में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह बुधवार को शिवपुरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस में पहले जैसी गुटबाजी नहीं है। पहले ग्वालियर अंचल में सिंधिया का एक गुट हो करता था और दूसरा मूल कांग्रेसियों का। अब सिंधिया के जाने के बाद कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। व्यक्तिगत पसंद और नापसंद का मामला हो सकता है लेकिन अब गुटबाजी नहीं है।

यह भी पढ़ें: महाकाल लोक विवाद के बीच सीएम चौहान ने रखी देवी लोक की आधारशिला, 211 करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी

अजय सिंह ने कहा कि, 'गुटबाजी तो अब बीजेपी में है, उनके यहां कई गुट बन गए हैं। एक गुट नरोत्तम मिश्रा का है तो दूसरा कैलाश विजयवर्गीय का। तीसरा गुट वीडी शर्मा का है। इस तरह से बीजेपी में गुटबाजी हावी है।' सिंह ने शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र को लेकर कहा कि पहले कुछ कारणों से कांग्रेस शिवपुरी हारती रही है। उन्होंने सिंधिया पर तंज कसते हुए का कहा कि यहां पर परिवार के कुछ लोग अपने रिश्तेदारों को बचाते थे लेकिन अब ऐसा नहीं रहेगा। अब फिक्सर चले गए हैं। कांग्रेस पूरी रणनीति के साथ शिवपुरी विधानसभा चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत दर्ज करेगी।

अजय सिंह ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में लगातार घोटाले हो रहे हैं। इस सरकार के नेताओं ने महाकाल मंदिर के निर्माण में भगवान महाकाल को भी घोटाले से नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में तमाम योजना में लगातार घोटाले हो रहे हैं। अब जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।