जयवर्धन सिंह ने AAP को बताया भाजपा की बी टीम, कहा- MP में नहीं मिलेगी एक भी सीट

आम आदमी पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश में ताल ठोकने के सवाल पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि यहां पर AAP की कोई जमीन नहीं है। उन्हें एमपी में एक भी सीट नहीं मिलेगी।

Updated: Jun 25, 2023, 03:43 PM IST

गुना। पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी टीम करार दिया है। कांग्रेस विधायक ने कहा है कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी की कोई जमीन नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में AAP को लोकसभा चुनाव में कोई सीट नहीं दी जाएगी, क्योंकि इस पार्टी का राज्य में कोई आधार नहीं है।

जयवर्धन सिंह शनिवार को गुना में कांग्रेस द्वारा आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। प्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर हर जिले मुख्यालय पर कांग्रेस के प्रदर्शन आयोजित किये गए थे। प्रदर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए जयवर्धन सिंह ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी-टीम बताया। गुरुवार को पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा कांग्रेस से रुख स्पष्ट करने की बात के सबल पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि "लगभग सभी विपक्षी पार्टी जो कल पटना में मौजूद थीं, वो संविधान पर भरोसा करती हैं। सब यही प्रयास कर रहे हैं कि एक मंच पर रहकर हम सब मिलकर आगामी लोकसभा में काम करेंगे।"

यह भी पढ़ें: भाजपा से आने वालों की हेलीकॉप्टर लैंडिंग नहीं होगी, कांग्रेस का स्थानीय संगठन तय करेगा: कमलनाथ

जयवर्धन सिंह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "अफसोस कि बात है कि कल की बैठक में भी AAP की ओर से कुछ टिप्पणियां की गई जो हमारी एकता के लिए शायद सही नहीं हैं। मेरा यही मानना है कि पहले आम आदमी पार्टी यह बात स्पष्ट करे कि क्या वो पूर्ण रूप से कांग्रेस के साथ रहेगी। क्योंकि कहीं न कहीं ऐसा दिखता है कि कुछ काम होते हैं आम आदमी पार्टी के, जिससे स्पष्ट दिखता है कि वो काम करते हैं, भाजपा की बी-टीम के हिसाब से। अगर वह प्रतिबद्ध हैं कांग्रेस और अन्य दलों के प्रति तो उनका स्वागत है।"

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन का यह बयान ऐसे समय में आया, जब शुक्रवार को आप ने कहा था कि वह दिल्ली अध्यादेश पर कांग्रेस से समर्थन हासिल करने में नाकाम रही। आप इस वजह से पटना में विपक्ष की बैठक के बाद हुए संवाददाता सम्मेलन में शामिल नहीं हुई थी।
AAP द्वारा मध्य प्रदेश में भी ताल ठोकने चुनाव में प्रदेश में सीट मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि "सवाल ही नहीं उठता। उनकी यहां पर ऐसी कोई जमीन नहीं है। न उनके पास यहां पर ऐसी कोई नींव है, जिसके माध्यम से वो टिकट मांगें। इस बार जनता एक परिवर्तन चाह रही है। जनता ये भी बात जानती है कि सिर्फ कांग्रेस के माध्यम से ही परिवर्तन हो सकता है।

बता दें कि इससे पहले दिल्ली कांग्रेस के सीनियर नेता अजय माकन ने कहा था कि आम आदमी पार्टी, जिसके पास 542 लोकसभा सांसद में से केवल 1 सांसद है। वह केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस का समर्थन चाहती है और उसी आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल उसी कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ निंदनीय बातें कह रहे हैं? क्या यही उनके समर्थन मांगने का तरीका है? केजरीवाल जेल के डर से यह सब कर रहे हैं, लेकिन जब उन्होंने भ्रष्टाचार किया है तो सज़ा भी मिलेगी।