इंस्टाग्राम पर सिंधिया हुए श्रेया अरोरा, हैकरों ने बदला नाम, कांग्रेस बोली- लोकप्रियता बढ़ाने के लिए श्रीमंत श्रेया हो गए 

केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की इंस्टा हैंडल हैक, हैकरों ने नाम बदलकर किया श्रेया अरोरा, कांग्रेस बोली- छद्म राजनीति के लिए महिलाओं के नाम से आईडी बनाने लगे महाराज

Updated: Dec 04, 2021, 07:14 AM IST

भोपाल। केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को हैकरों ने परेशान कर रखा है। बताया जा रहा है कि इस बार सिंधिया का इंस्टाग्राम हैंडल हैक हो गया। हैरानी की बात ये है कि हैकरों ने सिंधिया का नाम बदलकर श्रेया अरोरा कर दिया था। मामले पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि घटती लोकप्रियता के कारण श्रीमंत को सोशल मीडिया पर श्रेया के वेश में आना पड़ रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अज्ञात हैकरों ने केंद्रीय मंत्री का इंस्टा हैंडल हैक कर लिया था। इसके बाद उन्होंने सिंधिया का नाम बदलकर श्रेया अरोरा कर दिया। सिंधिया का नाम श्रेया देख उनके समर्थक भी चौंक गए। इसके बाद समर्थकों ने तुरंत इस बात की जानकारी सिंधिया को दी। बताया जा रहा है कि काफी मशक्कत के बाद उनकी सोशल मीडिया टीम ने आईडी को रिकवर कर उसका नाम बदला और पासवर्ड भी चेंज किया। इस घटना को लेकर सिंधिया का औपचारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है।

लोकप्रियता बढ़ाने के लिए भेष बदलते हैं श्रीमंत: कांग्रेस

उधर कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सिंधिया पर तंज कसा है। एमपी यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन विवेक त्रिपाठी ने कहा, 'महाराज छद्म राजनीति के लिए महिलाओं के नाम से आईडी बनाने लगे हैं। अपनी घटती लोकप्रियता को बढ़ाने के लिए श्रीमंत को श्रेया होना पड़ा। अभी तो वे राघोगढ़ गए भी नहीं थे और श्रीमंत से श्रेया हो गए। वहां पहुंचने के बाद न जाने क्या-क्या नाम बदलेंगे।'

यह भी पढ़ें: MP में देखें बहनजी की माया, सीधी में उतारी बसपा पुलिस, TI से लेकर कॉन्स्टेबल तक हुई भर्तियां

हैकिंग को लेकर पूछे जाने पर त्रिपाठी ने कहा कि, 'हम नहीं मानते कि उनकी आईडी हैक हुई थी। फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए यह उनका पैंतरा होगा। भाजपाई इसी तरह के हथकंडे अपनाते रहते हैं। यदि हैकिंग हुई भी तो साइबर थाने में जाएं। कौन हैकिंग कर सकता है। पेगासस तो प्रधानमंत्री के पास ही है। ऐसे में मोदी-शाह और शिवराज ही मिलकर हैकिंग करवा सकते हैं। यदि ऐसा है तो महाराज को सावधान रहने की जरूरत है।'

मंत्री बनते ही हुई थी फेसबुक आईडी हैक

बता दें कि सिंधिया ने जब केंद्रीय मंत्री का शपथ ग्रहण किया था उसी रात उनकी फेसबुक आईडी हैक हुई थी। इस दौरान देर रात उनके प्रोफाइल से कांग्रेस की तारीफ में वीडियो पोस्ट होने लगे थे। इसके बाद उनके करीबियों ने कांग्रेस पर आईडी हैक कराने का आरोप लगाया था। हैकरों का पता करने के लिए साइबर टीम जांच भी कर रही थी, लेकिन अब तक हैकरों की जानकारी नहीं मिल पाई है।