ख़ुद 18 साल सीएम रहे और 2 साल की बात कर जनता को गुमराह कर रहे हैं शिवराज, प्रेस वार्ता में कमल नाथ का सीएम पर वार

कमल नाथ ने कहा कि शिवराज जी ने अपने 18 वर्षों के कार्यकाल में जो भीं किया वह चुनाव से पांच महीने पहले कर रहे हैं, यह उनकी स्वीकारोक्ति है कि उन्होंने प्रदेश के हित के लिए कुछ नहीं किया

Publish: Apr 16, 2023, 01:00 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर बड़ा हमला बोला है। एक के बाद एक सीएम घोषणाओं पर कमल नाथ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि वह चुनाव से पहले जनता को सिर्फ गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। कमल नाथ ने यह बातें भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में कही। 

कमल नाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सीएम शिवराज खुद 18 वर्षों तक सीएम रहे लेकिन दो साल की बात कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने अपने इतने लम्बे कार्यकाल में प्रदेश की जनता के लिए कुछ नहीं किया लेकिन चुनाव से पांच महीने पहले एक के बाद एक घोषणाएं कर रहे हैं।

कमल नाथ ने कहा कि चुनाव से पहले सीएम सिर्फ अपने राजनीतिक फायदे के लिए कोरी घोषणाएं कर रहे हैं। पीसीसी चीफ ने कहा कि सीएम को आज लाडली बहना की याद आ रही है, इन्हीं सीएम को पहले लाडली बहनों की याद क्यों नहीं आई? उन्हें लाडली बहनों की याद पांच साल, दस साल पहले भी तो आ सकती थी? चुनाव से पहले अचानक आई याद सिर्फ ठगने का प्रयास भर ही है। 

कमल नाथ ने कहा कि चुनाव से पांच महीने पहले एक के बाद एक घोषणाएं करना एक तरह से सीएम की स्वीकारोक्ति की है कि उन्होंने अपने आठारह वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता के हित में कोई काम नहीं किया। 

पीसीसी चीफ कमल नाथ ने इसके अलावा उत्तर प्रदेश में अतीक अहमद की हत्या मामले पर भी अपनी राय रखी। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह सोचने की जरूरत है कि आखिर वर्तमान राजनीति किस ओर अग्रसर है। वहीं जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक द्वारा पुलवामा हमले को लेकर किए खुलासे पर कमल नाथ ने कहा कि सच्चाई को बहुत दिनों तक नहीं दबाया जा सकता। 

मध्य प्रदेश में नवंबर दिसंबर महीने में चुनाव होने हैं। कांग्रेस पार्टी और कमल नाथ ने प्रदेश की जनता से इस बार कुछ अहम वादे किए हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर महिलाओं को प्रति माह पंद्रह सौ रुपए दिए जाने और पांच सौ रुपए में रसोई गैस सिलेंडर दिए जाने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों में हादसों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाए जाने का भी ऐलान किया गया है। वहीं शासकीय कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने का वादा भी कांग्रेस पार्टी ने किया है।