IIT Indore: देश का 1242 वां केंद्रीय विद्यालय आईआईटी इंदौर में खुलेगा

Central School: केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्विटर कर दी जानकारी, आईआईटी इंदौर के परिसर में जल्द ही केंद्रीय विद्यालय खुलेगा

Updated: Sep 09, 2020, 04:21 AM IST

Photo Courtesy : goconnect.in
Photo Courtesy : goconnect.in

इंदौर/नई दिल्ली। इंदौर में जल्द ही केंद्रीय विद्यालय खुलने जा रहा है। ख़ास बात यह है कि केंद्रीय विद्यालय भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान ( आईआईटी ) इंदौर से संचालित होगा। देश भर में अब तक कुल 1241 केंद्रीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, यह देश का 1242 वां केंद्रीय विद्यालय होगा। इसकी जानकारी खुद मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट कर दी है। 

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री ने आईआईटी इंदौर के परिसर में केंद्रीय विद्यालय के खुलने की सूचना देते हुए कहा कि 'मुझे यह साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन की विशाल श्रृंखला में एक नया नाम जुड़ने जा रहा है। आज केन्द्रीय विद्यालय आईआईटी, इंदौर खोलने के आदेश हो रहे हैं।' 

इसके साथ ही निशंक ने कहा 'मेरा विश्वास है कि आईआईटी, इंदौर परिसर में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा का एक अनोखा संयोग होगा। लाभान्वित होने वाले समस्त विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को हार्दिक शुभकामनाएं।केन्द्रीय विद्यालयों की श्रृंखला में यह 1242वां विद्यालय है।' 

प्राप्त जानकारी के अनुसार आईआईटी इंदौर में केंद्रीय विद्यालय का भवन पहले से ही बनकर तैयार है। स्कूल बिल्डिंग की तरह ही इस भवन का निर्माण किया गया है। फिलहाल इस भवन में निदेशक कार्यलाय की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बता दें कि इंदौर शहर में पहले से ही दो केंद्रीय विद्यालय स्थित हैं। हालांकि मुख्य शहर से केंद्रीय विद्यालय की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है।